निलंबित पटवारी ठाकरे ने 20 हजार में बेचा था देशी कट्टा
गिरफ्तार आरोपी ने पथ्रोट पुलिस को दी जानकारी

* फरार आरोपी पटवारी की तलाश में दो दल रवाना
अमरावती/दि.11 – पथ्रोट पुलिस द्वारा शुक्रवार 10 जुलाई को कासमपुर में छापा मारकर अनिकेत महाजन नामक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से देशी कट्टा, दो मैग्जिन और तीन जिंदा कारतूस बरामद किये गये थे. इस आरोपी ने पूछताछ मेें पुलिस को बताया कि, यह कट्टा और कारतूस उसने अमरावती अर्जुन नगर निवासी निलंबित पटवारी विपुल भानुदास ठाकरे से 20 हजार रुपए में लिये थे. इस कारण इस आरोपी पटवारी द्वारा अवैध शस्त्र का व्यवसाय किये जाने की संभावना जतायी जा रही है. फरार इस आरोपी की तलाश में ग्रामीण अपराध शाखा और पथ्रोट पुलिस का दल संयुक्त रुप से जुटा हुआ है.
बता दें कि, पथ्रोट पुलिस के दल ने मिली जानकारी के आधार पर शुक्रवार 10 जुलाई को कासमपुर ग्राम निवासी अनिकेत महाजन के घर पर छापा मारकर उसके पास से एक देशी कट्टा, दो मैग्जिन और तीन जिंदा कारतूस बरामद किये थे. इस आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पथ्रोट पुलिस ने न्यायालय में पेश कर उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है. पुलिस हिरासत में रहते इस आरोपी ने बताया कि, यह अवैध शस्त्र उसने अमरावती के अर्जुन नगर निवासी विपुल भानुदास ठाकरे से 20 हजार रुपए में खरीदे थे. विपुल ठाकरे पेशे से पटवारी है, लेकिन गाडगे नगर पुलिस स्टेशन में उसके खिलाफ संगीन मामला दर्ज होने के बाद जिलाधिकारी आशीष येरेकर ने उसे निलंबित कर दिया है. लेकिन अब पथ्रोट थाने में इस निलंबित पटवारी के खिलाफ अवैध शस्त्र बेचे जाने का मामला दर्ज होने के कारण प्रशासन में खलबली मच गई है. आरोपी विपुल ठाकरे को पकडने के लिए पथ्रोट पुलिस का दल अर्जुन नगर स्थित उनके निवास पर पहुंचा था. लेकिन वह मामला दर्ज होने की जानकारी मिलते ही घर से फरार हो गया. अब उसकी तलाश के लिए ग्रामीण अपराध शाखा और पथ्रोट पुलिस स्टेशन के दो दल गठित किये गये है और उसकी सरगर्मी से तलाश शुरु है. फरार निलंबित पटवारी के पकडे जाने के बाद उसने अब तक कितने शस्त्र बेचे. यह शस्त्र विपुल ठाकरे कहां से लेकर आया था, क्या वह देशी कट्टों का अवैध व्यवसाय करता है? इस बाबत ग्रामीण पुलिस उसकी गिरफ्तारी के बाद पूछताछ करने वाली है. मामले की जांच पथ्रोट पुलिस आगे कर रही है.





