चिखलदरा में बढ़ी पर्यटकों की भीड
बेहतर पुलिस व्यवस्था से सुरक्षित महसूस कर रहे सैलानी

चिखलदरा/दि.11 – मानसून के आगमन के साथ ही पर्यटन नगरी चिखलदरा की प्राकृतिक सुंदरता एक बार फिर पर्यटकों को आकर्षित कर रही है. सोशल मीडिया पर चिखलदरा के मनमोहक नजारों की तस्वीरें और वीडियो वायरल होने के बाद यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं. परिवार के साथ आने वाले सैलानी हरे-भरे पहाड़ों, झरनों और प्राकृतिक वादियों का भरपूर आनंद ले रहे हैं.
पर्यटकों की बढ़ती संख्या से स्थानीय पर्यटन व्यवसाय को भी गति मिली है. बड़े होटलों से लेकर छोटे चाय, नाश्ता और भुट्टा विक्रेताओं तक सभी के कारोबार में वृद्धि देखने को मिल रही है, जिससे स्थानीय व्यापारियों में उत्साह का माहौल है. पर्यटकों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के निर्देश पर पहले से ही विशेष योजना तैयार की गई थी. चिखलदरा में पुलिस का चाक-चौबंद बंदोबस्त होने से पर्यटक स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं और बिना किसी परेशानी के अपने परिवार के साथ पर्यटन का आनंद ले रहे हैं.
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि सप्ताह के अलग-अलग दिनों में पर्यटकों की संख्या कम-ज्यादा रहती है. जिन दिनों भीड़ कम होती है, उन दिनों अतिरिक्त पुलिस बंदोबस्त के कारण कुछ व्यापारियों पर आर्थिक दबाव पड़ता है. इसके बावजूद अधिकांश व्यापारी प्रशासन का पूरा सहयोग कर रहे हैं और उनका मानना है कि पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. व्यापारियों ने यह भी अपेक्षा जताई है कि जिन दिनों पर्यटकों की संख्या कम रहती है, उन दिनों पुलिस बंदोबस्त में आवश्यकतानुसार लचीलापन रखा जाए. वहीं, प्रशासन और पुलिस के बेहतर समन्वय से चिखलदरा की छवि एक सुरक्षित एवं व्यवस्थित पर्यटन स्थल के रूप में और मजबूत होती दिखाई दे रही है. विदर्भ ही नहीं, बल्कि राज्य के अन्य हिस्सों से भी बड़ी संख्या में पर्यटक चिखलदरा पहुंच रहे हैं. यहां की प्राकृतिक सुंदरता, सुव्यवस्थित व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की पर्यटक खुले दिल से सराहना कर रहे हैं.