बडनेरा में कांग्रेस का बीएलए-2 प्रशिक्षण शिविर शुरू

मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं को दिया जा रहा प्रशिक्षण

अमरावती/दि.11 – भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के तहत प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रखने और कार्यकर्ताओं को चुनाव संबंधी जिम्मेदारियों से अवगत कराने के उद्देश्य से महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित बीएलए-2 प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ शनिवार को नवाथे नगर स्थित संत गाडगेबाबा विद्यालय में हुआ.
कार्यक्रम में महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव किशोर बोरकर के अलावा प्रदेश महासचिव एड. दिलीप एडटकर, भैय्यासाहेब निचल, समीर जवांजल, पूर्व महापौर अशोक डोंगरे, डॉ. बी. आर. देशमुख, वैभव देशमुख, नरेंद्र सिंह ठाकुर, रमेश बोरा तथा आशीष यादव सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे. इस अवसर पर अधिवक्ता दिलीप एडटकर और भैय्यासाहेब निचल ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्य की विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और पारदर्शी बनाया जा रहा है. इसके लिए बूथ स्तर पर कार्यरत बीएलए-2 कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है.
वक्ताओं ने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची के पुनरीक्षण, नए मतदाताओं के पंजीकरण, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने, घर-घर सत्यापन, मतदाता जागरूकता तथा चुनाव प्रबंधन से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया जा रहा है. साथ ही यह भी बताया गया कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में बना रहे और कोई भी मतदाता अपने संवैधानिक अधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी जिम्मेदारी और सक्रियता के साथ कार्य करना होगा. कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने लोकतंत्र को मजबूत बनाने में मतदाता सूची की शुद्धता और मतदाता जागरूकता के महत्व पर बल देते हुए सभी बीएलए-2 कार्यकर्ताओं से निर्वाचन आयोग के अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया. प्रशिक्षण शिविर में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बीएलए-2 सदस्य शामिल हुए.

Back to top button