तपोवन का 78वां स्थापना दिवस उत्साह से मनाया गया
राजीव बसवनाथे और ज्योति राठोड़ सम्मानित

अमरावती /दि.2– विदर्भ महारोगी सेवा मंडल, तपोवन का 78वां स्थापना दिवस एवं समाधि स्थलांतरण समारोह बुधवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया. संस्था के संस्थापक शिवाजीराव पटवर्धन द्वारा 78 वर्ष पूर्व कुष्ठरोगियों की सेवा के लिए शुरू किए गए इस मिशन की गौरवपूर्ण यात्रा को समारोह में याद किया गया.
कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा क्षेत्रों से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे. समारोह के प्रमुख मार्गदर्शक के रूप में रवींद्र कोल्हे एवं स्मिता कोल्हे उपस्थित रहे. इसके अलावा सचिन देव महाराज, डॉ. गोविंद कासट, सुदर्शन गांग, प्रदीप जैन, विवेक मराठे, डॉ. अविनाश सावजी, डॉ. गुंबले, प्रदीप बाजड तथा तपोवन संस्था के अध्यक्ष डॉ. सुभाष गवई सहित कई प्रमुख हस्तियां समारोह में शामिल हुईं. इस अवसर पर बडनेरा स्थित आधार शहरी बेघर लोगों के आश्रय गृह के संचालक राजीव बसवनाथे और व्यवस्थापिका ज्योति राठोड़ को बेघर एवं निराश्रित लोगों की सेवा में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए शॉल और पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया. समारोह में वक्ताओं ने कहा कि तपोवन संस्था वर्षों से मानव सेवा और सामाजिक समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण रही है तथा समाज के वंचित और जरूरतमंद लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई है.