पानी की टंकी में मिला शव अब्दूल रियाज का ही

मां के डीएनए से मेल हुआ, जांच को मिली दिशा

अमरावती /दि.11- स्थानीय पठान चौक के वजीर पटेल की बंद पडे संस्था के दवाखाने की छत पर पानी की टंकी में 13 मई को बरामद अज्ञात व्यक्ति के शव की शिनाख्त अब्दूल रियाज के रुप में की गई है. उस शव के डीएनए के साथ अलीमनगर के लापता रियाज की मां के डीएनए नमूने मिल गये है. संबंधित शव अब्दूल रियाज अब्दूल अनिस (39) का रहने की बात स्पष्ट होने से पुलिस को जांच की दिशा मिली है.
नागपुरी गेट पुलिस स्टेशन के सामने डॉ. वजीर पटेल की संस्था के बंद पडे दवाखाने के पानी की टंकी में बुधवार 13 मई को सुबह 10 बजे के दौरान सडीगली अवस्था में एक युवक का शव बरामद हुआ था. पुलिस ने इस प्रकरण में हत्या का मामला दर्ज किया. लेकिन मृतक की शिनाख्त न होने से पुलिस ने शहर समेत जिला व संभाग के पुलिस थाना क्षेत्र से लापता रहे व्यक्तियों की जानकारी ली. इस दौरान मई माह में अलीमनगर निवासी अब्दूल रियाज घर से लापता रहने की जानकारी पुलिस को मिली. लेकिन पालकों ने पूछताछ में समाधानकारक जवाब नहीं दिया था. इस कारण पुलिस ने रियाज बाबत विस्तृत जानकारी ली. उसका चेहरा लंबा, रंग गोरा, उंचाई 5 फीट, शरीर पर सफेद रंग का टी-शर्ट और लाल रंग की जीन्स थी, ऐसा रियाज की मां ने बताया. यह सभी बातें पानी के टंकी में बरामद हुए शव से मिलती रहने के कारण पुलिस ने रियाज की मां के रक्त नमूने लेकर मृतक के डीएनए के साथ जांच के लिए भेजे थे. बुधवार को डीएनए रिपोर्ट में मां का डीएनए रियाज के साथ मेल होने की बात उजागर होते ही वह शव अब्दूल रियाज का रहने की बात स्पष्ट हुई. पुलिस रियाज के माता-पिता समेत उसकी पत्नी को विश्वास में लेकर पूछताछ कर रही है. रियाज के साथ गवंडी काम करने वाले कुछ दोस्तों से पूछताछ शुरु है. रियाज की हत्या किसने और क्यों की. यह आगामी दिनों में सामने आने वाला है. आरोपी जल्द दबोचे जाएंगे, ऐसा विश्वास पुलिस ने दर्शाया है.

Back to top button