विवाह के 20 दिनों में ही युवती की मृत्यु
जलगांव में उष्माघात से दो की गई जान

* पारा 45 डिग्री पार
जलगांव/दि.14 – पिछले एक हफ्ते से महाराष्ट्र में तापमान लगातार तेजी से बढ़ रहा है. जलगांव जिले में इस समय भीषण गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है. फिलहाल जलगांव में तापमान 45 डिग्री के स्तर को पार कर चुका है. इस भीषण गर्मी ने दो लोगों की जान ले ली है. इनमें एक 20 वर्षीय नवविवाहित महिला और एक 69 वर्षीय पुजारी शामिल हैं. इन घटनाओं से पूरे जिले में गहरा शोक व्यक्त किया जा रहा है.
* शादी के 20 दिनों के भीतर ही युवती की मौत
जलगांव के जामनेर तालुका के मोहाड़ी में पहली घटना हुई. वैशाली सुनील मोरे नाम की 20 वर्षीय युवती में हीटस्ट्रोक के गंभीर लक्षण दिखाई देने लगे थे. उसे तुरंत प्राथमिक उपचार देकर आगे के इलाज के लिए जलगांव के सरकारी अस्पताल में भेजा गया. लेकिन दुर्भाग्यवश, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई. खास बात यह है कि वैशाली की शादी सिर्फ 20 दिन पहले ही हुई थी. शादी के बाद खुशहाल जीवन शुरू होने से पहले ही किस्मत ने उस पर कहर बरपा दिया. जिससे मोहाड़ी क्षेत्र में शोक का माहौल है.
* अमलनेर बस स्टैंड पर पुजारी की मौत
दूसरी ओर, अमलनेर तालुका के बहादरपुर के 69 वर्षीय पुजारी श्रीहरी प्रभाकर दीक्षित अमलनेर बस स्टैंड पर यात्रा करते समय अचानक चक्कर खाकर गिर पड़े. उन्हें तुरंत ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. माना जा रहा है कि अत्यधिक गर्मी के कारण उन्हें हार्ट अटैक या हीटस्ट्रोक हुआ होगा.
* पोस्टमार्टम के बाद असली कारण स्पष्ट होगा
जलगांव जिले में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचने के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है. दोनों व्यक्तियों की मौत हीटस्ट्रोक के लक्षणों के कारण हुई है, ऐसा प्राथमिक रूप से माना जा रहा है. हालांकि असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा, ऐसा मेडिकल अधिकारियों ने बताया है. प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि दोपहर 12 से 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और अधिक से अधिक पानी पिएं.
* सोलापुर में किसान महिला की मौत
इसी दौरान सोलापुर जिले में भी बढ़ते तापमान का गंभीर असर देखने को मिला है. मोहोळ तालुका के पापरी गांव की 35 वर्षीय किसान महिला की हीटस्ट्रोक से दुखद मौत हो गई है. शोभा डोंगरे नाम की यह महिला हमेशा की तरह खेत में काम करने गई थीं. लेकिन दोपहर के समय तेज धूप के कारण उन्हें अचानक अस्वस्थ महसूस होने लगा. हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. सोलापुर शहर और जिले में तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे ग्रामीण इलाकों में भय का माहौल है.





