सीएम देवेंद्र फडणवीस की बडी घोषणा

अगले छह महीने बड़े सरकारी कार्यक्रमों का आयोजन नहीं

मुंबई/दि.14 – राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस आज सभी को चौंका दिया. मुख्यमंत्री फडणवीस ‘रॉयल एनफील्ड 350’ मोटरसाइकिल पर सवार होकर विधान भवन पहुंचे. उनके साथ सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार और मुख्यमंत्री का पूरा सुरक्षा ताफा भी बाइक पर ही था. ईंधन बचत और सादगी का संदेश देने के लिए मुख्यमंत्री द्वारा उठाए गए इस कदम की राजनीतिक गलियारों में जोरदार चर्चा हो रही है.
इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री ने जो भी निर्देश दिए हैं वे देशहित के लिए हैं. इसलिए अपने-अपने स्तर पर जो भी किया जा सकता है, उसके लिए हम सभी प्रयास कर रहे हैं. राज्य के नेता जब इस तरह प्रचार करते हैं तो वह लोगों तक पहुंचता है, इसलिए मैं आज मोटरसाइकिल से आया हूँ. हमारा ताफा भी कम किया गया है. सभी के विदेश दौरे भी हमने रद्द किए हैं. अलग-अलग तरीकों से ईंधन बचत कैसे की जा सकती है और विदेशी मुद्रा की बचत कैसे हो सकती है, यह हमारा प्रयास रहेगा.
उन्होंने आगे कहा, कल सातारा में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है. उसका पहले से ही नियोजन हो चुका था और उस पर खर्च भी हो चुका है, इसलिए हमने वह कार्यक्रम रद्द नहीं किया है. लेकिन इसके बाद अगले छह महीने हम सरकार की ओर से किसी भी बड़े कार्यक्रम का आयोजन नहीं करेंगे, ऐसा उन्होंने घोषित किया.
* विपक्ष की आलोचना पर जवाब
प्रधानमंत्री के आह्वान पर विपक्ष द्वारा की गई आलोचना का जवाब देते हुए फडणवीस ने कहा, विपक्ष को थोड़ी परिपक्वता दिखानी होगी. दुनिया के कई देश इससे भी कठोर फैसले ले रहे हैं. प्रधानमंत्री ने हमें केवल थोड़ा सा त्याग करने को कहा है. कोई कठोर निर्णय नहीं लिया गया है. इस पर इतना हंगामा करना उचित नहीं है. इससे पहले इंदिरा गांधी के समय भी ऐसा हुआ है. चिदंबरम ने भी 2012 में ऐसा निर्णय लिया था. इसलिए ऐसा व्यवहार उचित नहीं है. अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए देशहित में अगर हम थोड़ा भी समायोजन नहीं कर सकते तो विपक्ष को अपरिपक्व ही कहा जाएगा.
* प्रधानमंत्री के विदेश दौरे पर क्या बोले?
प्रधानमंत्री मोदी के 15 तारीख के विदेश दौरे पर हो रही आलोचना पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पलटवार किया. उन्होंने कहा, देश के प्रधानमंत्री के दौरे पर सवाल उठाना इससे बड़ा मूर्खता का उदाहरण नहीं हो सकता. जब प्रधानमंत्री विदेश जाते हैं तो रणनीतिक गठबंधन बनते हैं, देश की अर्थव्यवस्था को फायदा होता है. प्रधानमंत्री ने जो कहा है कि अनावश्यक विदेश यात्राएं टाली जाएं, उसका मतलब यह नहीं कि कोई व्यापारी अपनी बड़ी डील रद्द कर दे. जो लोग ऐसी आलोचना कर रहे हैं, वे बिनबुद्धि हैं.

Back to top button