श्री विठ्ठल-रुक्मिणी मंदिर में यादगार रहा ज्ञानेश्वरी पारायण कार्यक्रम
हजारों भक्तों ने लिया महाप्रसाद का लाभ

अमरावती/दि.4 – वनवैभव फॉरेस्ट कॉलोनी गृहनिर्माण संस्था अंतर्गत श्री विठ्ठल-रुक्मिणी मंदिर में आषाढी एकादशी के उपलक्ष्य में श्री ज्ञानेश्वरी सामूहिक पारायण सप्ताह बडे ही भक्तिभाव व उत्साह से संपन्न हुआ. संपूर्ण सप्ताह के दौरान गणेश गिरी महाराज की अमृतवाणी में ज्ञानेश्वरी पारायण हुआ. श्री ज्ञानेश्वरी पारायण सप्ताह के समापन के उपलक्ष्य में पारायण पूर्ण करने वाले भक्तों नको श्री ज्ञानेश्वरी ग्रंथ का वितरण किया गया. सप्ताह की शुरुआत भरत येले महाराज के समाज प्रबोधन पर सप्त खंजिरी भजन से हुई.
इस दौरान श्री गुरुदेव सेवा मंडल, शेंदोला (बु.) व विविध भजन मंडलों ने रोजाना शाम में भजन सेवा प्रस्तुत कर परिसर को भक्तिमय बना दिया था. 25 जुलाई को ग्रंथराज श्री ज्ञानेश्वरी माउली की पालकी शोभायात्रा बडे उत्साह से निकाली गई. पालकी मार्ग को आकर्षक रंगोलियों तथा सुंदर फूलों से सजाया गया था. पालकी का जगह-जगह पर भक्तिभाव तथा श्रद्धाभाव के साथ स्वागत किया गया.
इस समारोह में परिसर के सैकडों भक्त शामिल हुए. जिससे वनवैभव परिसर में मानों साक्षात तीर्थक्षेत्र पंढरपुर अवतरित होने का अध्यात्मिक भाव श्री विठ्ठल-रुक्मिणी के भक्तों के मन में निर्माण हुआ. 26 जुलाई को श्री ज्ञानेश्वरी सामूहिक पारायण सप्ताह का समापन गणेश गिरी महाराज द्वारा काले का कीर्तन से हुआ. इस कीर्तन में मृदंगाचार्य विक्रम काठोले व हार्मोनियम पर मनोज झाडे का सुंदर साथ मिला. बाद में आयोजित महाप्रसाद का सैकडों भक्तों ने लाभ लिया. इस धार्मिक समारोह का आयोजन वनवैभव फॉरेस्ट कॉलोनी गृहनिर्माण संस्था के अध्यक्ष ज्ञानेश्वर भारसाकडे, उपाध्यक्ष चंद्रकांत पुसदकर, सचिव रमेश बोके, तथा श्रीहरी ग्रुप के अध्यक्ष संजय गुहे के मार्गदर्शन में किया गया.
इस कार्यक्रम की सफलतार्थ सुनील काकडे, गडपल्लीवार, कोल्हे, पातोंड, अमृतकर, बानुबाकोडे, संजय भारसाकले व मित्र परिवार, श्री गुरुदेव सेवा भजन मंडल, श्री गजानन महाराज महिला भजन मंडल, साथ हीी परिसर के महिला व युवाओं ने तन-मन-धन से मौलिक सहयोग किया.





