नीट पेपर लीक किया था कई राज्यों तक!

नाशिक से मास्टरमाइंड युवक गिरफ्तार

* हेयरस्टाइल बदलकर घूम रहा था
* सीबीआई एक्शन मोड पर
नाशिक/दि.12 – नीट परीक्षा पेपर लीक मामले में नाशिक पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नाशिक में रहने वाले 30 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है. जानकारी के अनुसार संदिग्ध आरोपी ने बीएएमएस की पढ़ाई की है और वह मूल रूप से नाशिक जिले के नांदगांव तालुका का रहने वाला है. राजस्थान सीबीआई से मिली जानकारी के आधार पर नाशिक क्राइम ब्रांच ने यह कार्रवाई की. आज दोपहर करीब 12 बजे संदिग्ध को हिरासत में लिया गया और उससे कड़ी पूछताछ जारी है.
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नाशिक पुलिस ने आरोपी का नाम, मोबाइल नंबर और पते के आधार पर उसकी तलाश कर उसे गिरफ्तार किया. संबंधित युवक की मेडिकल काउंसलिंग एजेंसी है. नीट पेपर लीक मामले के बाद आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए अपनी हेयरस्टाइल बदल ली थी, यह बात प्राथमिक जांच में सामने आई है. इस बीच, राजस्थान पुलिस की ओर से एक संदिग्ध आरोपी को हिरासत में लेने की सूचना सुबह दी गई थी. केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम को हम आरोपी सौंपने वाले हैं. उसने अपनी हेयरस्टाइल बदल ली थी, लेकिन पुलिस ने उसे चतुराई से ट्रेस कर लिया, ऐसा पुलिस अधिकारी ने बताया.
* नाशिक से हरियाणा पहुंचा प्रश्नपत्र
नीट पेपर लीक मामले में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है कि प्रश्नपत्र लीक होने के बाद उसकी पहली कॉपी नाशिक में सामने आई. नाशिक में लीक हुआ यह प्रश्नपत्र हरियाणा पहुंचा, जहां लीक हुए पेपर के 10 सेट तैयार किए गए. इसके बाद हरियाणा से बिहार, आंध्र प्रदेश, जम्मू और कश्मीर तक नीट का प्रश्नपत्र आसानी से पहुंचाए जाने की चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है. इससे नीट परीक्षा के लिए काम करने वाली संस्थाओं और एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं. इस बीच, नीट पेपर लीक मामले की जांच अब देश की सबसे सक्षम जांच एजेंसी उइख को सौंप दी गई है.
* राजस्थान में 13 लोगों से पूछताछ
सीबीआई ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है. अब तक की जांच के अनुसार, जयपुर में गिरफ्तार किया गया मनीष ही इस पूरे मामले का मुख्य सूत्रधार बताया जा रहा है. प्रश्नपत्र छपाई के लिए जाने से पहले ही उसने संभावित प्रश्न हासिल कर यह पूरा खेल किया. 3 मई को आयोजित परीक्षा के दौरान ही प्रश्नपत्र लीक होने की आशंका जताई जा रही है. इस मामले में सीबीआई जल्द ही आगे की कार्रवाई शुरू करेगी, ऐसी उम्मीद है. फिलहाल राजस्थान एसओजी की हिरासत में मौजूद 13 लोगों से सीबीआई पूछताछ करेगी.

Back to top button