अकोला के महान क्षेत्र में खलबली

दो मित्रों ने एक ही पेड से लगाई फांसी

* आत्महत्या की वारदात से सभी सन्न
अकोला /दि.12- बार्शीटाकली तहसील के महान-पातूर मार्ग स्थित जलशुद्धीकरण केंद्र कॉलोनी के पास प्रादेशिक वन विभाग क्षेत्र सी-67 में एक दर्दनाक घटना सामने आई है. वन तालाब की दीवार के पास नीम के पेड़ से दो व्यक्तियों के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले. मंगलवार सुबह घटना का खुलासा होते ही पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया. मृतकों की पहचान किशोर बलीराम सोनटक्के (40, निवासी कानडी घोटा) और किशोर मारुती बोडखे (55, निवासी वरूड बु., तहसील मंगरूलपीर) के रूप में हुई है. दोनों ही मित्रों ने एक ही पेड से फांसी लगाकर खुदकुशी करने की घटना से सभी भीतर तक हिल गए हैं.
जानकारी के अनुसार, किशोर सोनटक्के रविवार 10 मई को अमरावती जाने की बात कहकर बाइक से महान पहुंचे थे. उनके मित्र किशोर बोडखे भी उसी दिन महान आए थे. रविवार रात सोनटक्के ने अपने परिवार को फोन कर बताया कि उनकी बाइक महान स्थित महावीर होटल के सामने खड़ी है और उसकी चाबी वहीं रखी हुई है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वे दोनों आत्महत्या करने जा रहे हैं. इस सूचना से घबराए परिजनों ने तुरंत पिंजर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. सोमवार से ही पुलिस और परिजन दोनों की तलाश कर रहे थे. धरण और जंगल क्षेत्र में खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल पाया. आखिरकार मंगलवार को जलशुद्धीकरण केंद्र के पास नीम के पेड़ से दोनों के शव पीले रंग की रस्सी से लटके मिले. शवों की हालत खराब होने के कारण आशंका जताई जा रही है कि घटना रविवार को ही हुई थी.
* वाट्सऐप चिठ्ठी में किसके नाम?
मामले ने तब गंभीर मोड़ ले लिया जब पता चला कि मृतक किशोर सोनटक्के ने आत्महत्या से पहले अपने परिवार को वाट्सऐप पर एक चिट्ठी भेजी थी. इसमें कुछ लोगों के नाम लिखे गए हैं और आरोप लगाया गया है कि वे उन्हें ब्लैकमेल कर रहे थे. इससे आत्महत्या के पीछे मानसिक प्रताड़ना या दबाव की आशंका जताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही बार्शीटाकली पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी प्रवीण धुमाल, पिंजर थाना प्रभारी गंगाधर दराडे, पीएसआई नवघरे तथा स्थानीय अपराध शाखा की टीम मौके पर पहुंची. पिंजर के संत गाडगे बाबा बचाव दल की मदद से शवों को पेड़ से नीचे उतारा गया. पुलिस ने पंचनामा कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला सामान्य अस्पताल भेज दिया है. बार्शीटाकली पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और वाट्सऐप चिट्ठी में उल्लेखित नामों के आधार पर आगे की जांच शुरू कर दी है.

Back to top button