अकोला महापालिका की सभा में विवादित बयान
कांग्रेस पार्षद आजाद खान ने की शिवाजी महाराज और औरंगजेब की तुलना

अकोला /दि.12- अकोला महानगरपालिका की सामान्य सभा में कांग्रेस पार्षद आजाद खान द्वारा दिए गए बयान से नया विवाद खड़ा हो गया है. सभा के दौरान विकास कार्यों पर चर्चा करते समय आजाद खान ने छत्रपति संभाजीनगर का उल्लेख औरंगाबाद के रूप में किया, जिस पर भाजपा पार्षदों ने आपत्ति जताते हुए उन्हें छत्रपति संभाजीनगर कहने को कहा.
इस दौरान जवाब देते हुए आजाद खान ने कहा कि औरंगाबाद क्या और छत्रपति संभाजीनगर क्या, दोनों एक ही हैं. इसी चर्चा के दौरान उन्होंने कथित रूप से कहा कि शिवाजी भी हमारे और औरंगजेब भी हमारे, जिससे सभा में माहौल गरमा गया.
आजाद खान के इस बयान पर भाजपा गुटनेता पवन महल्ले ने तीव्र विरोध दर्ज कराया. उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज, छत्रपति संभाजी महाराज और औरंगजेब की तुलना कभी नहीं की जा सकती. पवन महल्ले ने औरंगजेब को क्रूर शासक बताते हुए कांग्रेस पार्षद को इतिहास की याद दिलाई. सभा में इस मुद्दे को लेकर भाजपा और कांग्रेस पार्षदों के बीच तीखी बहस भी हुई. राजनीतिक गलियारों में इस बयान को लेकर चर्चा तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस पर बड़ा विवाद खड़ा होने की संभावना जताई जा रही है.





