सरकारी अस्पतालों की गुणवत्ता अब ‘स्टार रेटिंग’ से होगी तय
राज्य सरकार लागू करेगी ‘पब्लिक क्वालिटी स्टार रेटिंग सिस्टम’

* बेहतर प्रदर्शन करने वाले अस्पताल होंगे सम्मानित
अमरावती/दि.5- सरकारी अस्पतालों में मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाने के लिए राज्य सरकार ने ‘पब्लिक क्वालिटी स्टार रेटिंग सिस्टम’ लागू करने का निर्णय लिया है. इस व्यवस्था के तहत सरकारी अस्पतालों का विभिन्न मानकों पर मूल्यांकन कर उन्हें 0 से 5 स्टार तक की रेटिंग दी जाएगी.
यह प्रणाली सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत आने वाले जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल, उपजिला अस्पताल, ग्रामीण अस्पताल और मंडलीय रेफरल अस्पतालों पर लागू होगी. अमरावती जिले के 21 सरकारी अस्पतालों को इस प्रक्रिया में शामिल किया गया है.
* इन मानकों पर होगा मूल्यांकन
अस्पतालों की रेटिंग अस्पताल की स्वच्छता एवं संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था, डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता, दवाओं का पर्याप्त भंडार, प्रयोगशाला सेवाओं की गुणवत्ता, आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, डिजिटल रिकॉर्ड प्रणाली, शिकायत निवारण व्यवस्था आदि प्रमुख बिंदुओं के आधार पर की जाएगी.
* कैसे मिलेगी स्टार रेटिंग?
अस्पताल पहले स्वयं मूल्यांकन रिपोर्ट तैयार करेंगे. इसके बाद जिला और संभाग स्तर की टीमें निरीक्षण करेंगी तथा दस्तावेजों के सत्यापन के आधार पर 0 से 5 स्टार तक की रेटिंग प्रदान की जाएगी. समय-समय पर पुनर्मूल्यांकन भी किया जाएगा.
* चार से अधिक स्टार वाले अस्पताल होंगे सम्मानित
चार या उससे अधिक स्टार प्राप्त करने वाले अस्पतालों को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा. उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी विशेष पुरस्कार दिए जाएंगे.
* मरीजों को क्या होगा लाभ?
इस नई व्यवस्था से मरीजों को अस्पतालों की गुणवत्ता की स्पष्ट जानकारी मिलेगी. स्वच्छ और सुरक्षित उपचार, बेहतर चिकित्सा सुविधाएं तथा जवाबदेही बढ़ेगी. वहीं प्रशासन को अस्पतालों की कमियों की पहचान कर संसाधनों, स्टाफ और बजट की बेहतर योजना बनाने में सहायता मिलेगी. इससे सरकारी अस्पतालों के बीच गुणवत्ता सुधार की स्वस्थ प्रतिस्पर्धा भी विकसित होगी.
* स्टाफ की कमी वाले अस्पतालों के लिए सुधार योजना
जिन अस्पतालों में डॉक्टरों या कर्मचारियों की कमी है, उनके खिलाफ तत्काल दंडात्मक कार्रवाई करने के बजाय सुधार योजना तैयार की जाएगी. आवश्यकता के अनुसार भर्ती, उपकरणों की उपलब्धता और कर्मचारियों के प्रशिक्षण की व्यवस्था चरणबद्ध तरीके से की जाएगी. जिला शल्य चिकित्सक डॉ. विनोद पवार ने कहा कि ‘पब्लिक क्वालिटी स्टार रेटिंग सिस्टम’ का उद्देश्य सरकारी अस्पतालों की सेवाओं का निष्पक्ष मूल्यांकन कर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा अस्पतालों में गुणवत्ता आधारित कार्यसंस्कृति विकसित करना है.





