बापट चौक स्थित ‘वाईन सेंटर’ एक बार फिर सवालों के घेरे में

शराब बिक्री के साथ कथित तौर पर वर्षों से चल रही पीने की व्यवस्था

* शरीफ बेग हत्याकांड के बाद फिर चर्चा में आया प्रतिष्ठान, स्थानीय नागरिकों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
अमरावती/दि.3 – बापट चौक स्थित ‘वाईन सेंटर’ नामक शराब बिक्री प्रतिष्ठान एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है. बीती रात इसी प्रतिष्ठान के समीप शराबियों के बीच हुए विवाद के बाद चाकूबाजी की घटना में 25 वर्षीय शरीफ बेग की मौत हो जाने से स्थानीय नागरिकों के बीच आक्रोश और चिंता का माहौल व्याप्त है. इस घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने वर्षों से उठाए जा रहे उन सवालों को फिर सामने लाना शुरू कर दिया है, जो इस वाईन शॉप के आसपास कथित रूप से संचालित होने वाली शराब पीने की व्यवस्थाओं से जुड़े हुए हैं. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वाईन सेंटर केवल शराब बिक्री का प्रतिष्ठान भर नहीं रह गया है, बल्कि इसके आसपास ऐसा वातावरण तैयार हो चुका है, जहां बड़ी संख्या में लोग शराब खरीदने के तुरंत बाद वहीं बैठकर उसका सेवन करते हैं. यही वजह है कि शाम ढलते ही इस पूरे क्षेत्र में शराबियों की आवाजाही और भीड़ बढ़ जाती है. कई बार इसी माहौल के चलते विवाद, झगड़े और कानून-व्यवस्था की स्थिति भी निर्मित होती है.
बता दे कि, बीती रात बापट चौक पर वाईन सेंटर नामक प्रतिष्ठान के पास ही शराब के नशे में धूत एक ही गुट के युवकों के बीच चाकूबाजी की घटना घटित हुई. जिसमें शरीफ बेग नामक युवक की मौत हो गई. इसके चलते अब शरीफ बेग हत्याकांड के बाद स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना अचानक नहीं हुई, बल्कि लंबे समय से बन रहे उस माहौल का परिणाम है, जिसकी ओर प्रशासन का ध्यान बार-बार आकर्षित किया जाता रहा है. नागरिकों का आरोप है कि वाईन सेंटर के आसपास देर रात तक शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है और कई बार शराब के नशे में लोगों के बीच कहासुनी और मारपीट की घटनाएं भी होती रही हैं. क्षेत्रवासियों के अनुसार, जिस स्थान पर यह घटना घटी, वहां लंबे समय से शराब खरीदने के बाद वहीं बैठकर शराब पीने का चलन बना हुआ है. कई लोगों का कहना है कि ऐसी परिस्थितियों में किसी गंभीर वारदात की आशंका पहले से ही जताई जाती रही थी.
बता दे कि, आबकारी नियमों के अनुसार किसी भी वाईन शॉप को केवल शराब बेचने की अनुमति होती है. शराब पिलाने अथवा ग्राहकों के बैठने की व्यवस्था करने का अधिकार परमिट रूम या बीयर बार को होता है. इसके बावजूद स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि वाईन सेंटर नामक शराब बिक्री प्रतिष्ठान के आसपास लंबे समय से ऐसी व्यवस्थाएं मौजूद हैं, जिनका उपयोग शराब खरीदने वाले लोग वहीं बैठकर शराब पीने के लिए करते हैं. लोगों का कहना है कि शराब पीने वालों के लिए पानी, चखना और बैठने जैसी सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध हो जाती हैं. इससे वाईन सेंटर के आसपास का पूरा क्षेत्र शाम होते-होते एक अनौपचारिक ‘ड्रिंकिंग जोन’ में तब्दील हो जाता है. आरोप यहां तक लगाए जाते है कि, शराबियों के लिए यह सारे इंतजाम खुद वाईन सेंटर नामक प्रतिष्ठान के संचालक द्वारा ही उपलब्ध कराए गए है और लंबे समय से यह सिलसिला चलते रहने के बावजूद पुलिस एवं आबकारी विभाग द्वारा इस बात की हमेशा से ही अनदेखी की जाती रही और प्रभावी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. परिणामस्वरूप शराबियों के हौसले बढ़ते गए और यह क्षेत्र धीरे-धीरे विवादों का केंद्र बनता चला गया.
* स्थानीय नागरिकों में बढ़ रही नाराजगी
बापट चौक और आसपास के क्षेत्र में रहने वाले लोगों का कहना है कि उन्हें लंबे समय से इस स्थिति का सामना करना पड़ रहा है. शाम और रात के समय क्षेत्र में शराबियों की आवाजाही बढ़ जाने से महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और परिवारों को असुविधा का सामना करना पड़ता है. निवासियों का कहना है कि कई बार शराब के नशे में लोग सार्वजनिक स्थानों पर हंगामा करते हैं, जिससे क्षेत्र का वातावरण प्रभावित होता है. हत्याकांड के बाद अब स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जाए और यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
* प्रशासनिक कार्रवाई की मांग तेज
शरीफ बेग की मौत के बाद अब नागरिकों की मांग है कि वाईन सेंटर के संचालन, उसके आसपास की गतिविधियों और वहां बनने वाले माहौल की विस्तृत जांच की जाए. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में और भी गंभीर घटनाएं घट सकती हैं. स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं का मानना है कि यह केवल एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय है. इसलिए प्रशासन को इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने चाहिए.
* हत्याकांड के बाद चर्चा के केंद्र में वाईन सेंटर
बापट चौक में हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद ‘वाईन सेंटर’ नामक प्रतिष्ठान एक बार फिर शहरभर में चर्चा का विषय बन गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अब केवल घटना की जांच ही पर्याप्त नहीं होगी, बल्कि उस पूरी व्यवस्था की समीक्षा भी जरूरी है, जिसके बीच यह घटना घटित हुई. शरीफ बेग हत्याकांड ने एक बार फिर यह प्रश्न खड़ा कर दिया है कि क्या शराब बिक्री केंद्रों के आसपास बनने वाले ऐसे माहौल पर पर्याप्त निगरानी रखी जा रही है और क्या भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे. फिलहाल पूरे मामले को लेकर नागरिकों की निगाहें प्रशासन और कानून लागू करने वाली एजेंसियों की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं.

Back to top button