जिप ने जिला नियोजन समिति से लिये 175.58 करोड
24 मार्च को पेश होगा बजट, नये प्रोजेक्ट शामिल होने की संभावना

अमरावती /दि.19 – अमरावती जिला परिषद को जिला नियोजन समिति से प्राप्त 175 करोड 57 लाख 76 हजार 731 रुपए की पूरी निधि मिल चुकी है. हालांकि अब तक इस राशि को खर्च नहीं किया गया है. जिला प्रशासन ने निर्देश दिये है कि, इस निधि का एक भी रुपया बिना उपयोग के वापिस नहीं जाना चाहिए, इसलिए सभी विभाग 25 मार्च से पहले पूरी राशि के उपयोग का प्रस्ताव प्रस्तुत करें. जिसके तहत जिला परिषद प्रशासन ने निधि के खर्च का नियोजन कर संपूर्ण निधि प्राप्त कर लिया. जिसमें अब आभासी वक्तिक जमा खाता प्रणाली का उपयोग कर प्रास्तावित कार्य निपटाये जाएंगे. जिससे निधि को एक वर्ष तक उपयोग में लाया जा सकता है.
वहीं मिनीमंत्रालय के बजट को लेकर भी कार्रवाई शुरु है. इस वर्ष जिला परिषद का बजट 24 मार्च को पेश किया जाना प्रस्तावित है. इसको लेकर जिला परिषद के वित्त विभाग में तैयारियां तेज कर दी गई है. अधिकारियों द्वारा बजट से जुडे सभी प्रस्तावों और योजनाओं को अंतिम रुप दिया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, इस बार बजट में विकास कार्यों, ग्रामीण योजनाओं और बुनियादी सुविधाओं पर विशेष जोर रहने की संभावना है. साथ ही विभिन्न विभागों से प्राप्त प्रस्ताव को भी शामिल कर संतुलित बजट तैयार किया जा रहा है. जिला परिषद प्रशासन का कहना है कि, बजट के माध्यम से जिले के समग्र विकास को गति देने का प्रयास किया जाएगा.





