धामणगांव रेलवे में घर व दुकानों में चोरी का पर्दाफाश

3 सेंधमार दबोचे, 60,300 का माल जब्त

* ग्रामीण अपराध शाखा की कारवाई
अमरावती/दि.17 – धामणगांव रेलवे थाना क्षेत्र में घर और दुकानों में सेंधमारी कर चोरी करने वाले गिरोह का अमरावती ग्रामीण की स्थानीय अपराध शाखा ने पर्दाफाश किया है. पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से अपराध में इस्तेमाल मोपेड, लोहे की रॉड और नकद राशि सहित कुल 60 हजार 300 रुपये का माल जब्त किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम लक्ष्मी नगर निवासी अभिमन्यु सुरेश विश्वकर्मा (22), बॉम्बे फैल निवासी प्रज्जवल विनोद गाडेकर (18) तथा आर्यन उर्फ गौरव सुधीर नागफसे (19) है.
अमरावती ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने जिले में बढ़ती सेंधमारी और दुकानों में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अपराधों का एक साथ पता लगाकर आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे. इसी क्रम में 15 अगस्त को जिले में सेंधमारी और दुकान चोरी के मामलों के रिकॉर्ड की जांच के दौरान स्थानीय अपराध शाखा की टीम को गुप्त सूचना मिली. सूचना के आधार पर पुलिस ने अमरावती के लक्ष्मी नगर निवासी अभिमन्यु विश्वकर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की.
जानकारी के मुताबिक आरोपी ने अपने साथियों के साथ फरवरी माह में धामणगांव रेलवे में एक किराना दुकान, जबकि जुलाई माह में एक किराना दुकान, एक फर्नीचर दुकान और एक बंद मकान में सेंधमारी करने की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने संबंधित मामलों की जांच करते हुए कुल एक घर और तीन दुकानों में हुई चोरी की चार घटनाओं का खुलासा किया. पुलिस ने आरोपियों के पास से अपराध में इस्तेमाल 50 हजार रुपये कीमत की मोपेड, 300 रुपये की लोहे की रॉड तथा 10 हजार रुपये नकद, इस प्रकार कुल 60 हजार 300 रुपये का माल जब्त किया है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़, पुलिस निरीक्षक अशोक लांडे तथा स्थानीय अपराध शाखा के अधिकारियों व कर्मचारियों ने की. कार्रवाई में पीओडी सतीश झालटे, पुलिस अमलदार मंगेश लकड़े, सचिन मसंगे, हर्षल काले, विक्रम ठाकुर और प्रीति सोनारे शामिल रहे. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.

Back to top button