नाबालिग युवक का अपहरण कर फिरौती मांगने वाले तीनों गिरफ्तार
वरुड और लोधीखेडा पुलिस का छापा सफल

अमरावती /दि.25– अमरावती जिले के शेंदूरजनाघाट थाना क्षेत्र के नाबालिग युवक का मध्यप्रदेश में अपहरण कर पालक से 5 लाख रुपए की फिरौती मांगना अपहरणकर्ताओं के लिए महंगा साबित हुआ. तीनों आरोपी वरुड पुलिस के जाल में फंस गये. उन्हें गिरफ्तार कर मध्यप्रदेश पुलिस के कब्जे में दिया गया है. गिरफ्तार सभी आरोपी वरुड शहर के बताये जाते है. आरोपियों के नाम सुफियान उर्फ मनिया निसार शहा (24), वसीम शहा शौकत शहा (37) और शेख जुबेर शेख नाशिर (42) है.
जानकारी के मुताबिक शेंदुरजनाघाट थाना क्षेत्र के पुसला बीट निवासी 17 वर्षीय युवक 21 जुलाई को दोस्त के साथ दुपहिया वाहन से सौंसर तहसील के जामसावली हनुमान मंदिर दर्शन के लिए गया था. वापिस लौटते समय शाम 4 बजे के दौरान महामार्ग के बाहुली पिपलानारायणवार गांव के पास ढाबे के निकट दोनों युवक लघुशंका के लिए रुके. उस समय एक कार उनके पास पहुंची. कार में सवार युवक उस नाबालिग युवक को जबरदस्ती कार में बैठाकर भाग गये. आरोपियों ने नाबालिग के पालक को 22 जुलाई को 5 लाख की फिरौती की मांग के लिए फोन किया और पैसे लेकर वरुड बस स्टैंड पर बुलाया. पुलिस को जानकारी देने पर युवक की हत्या करने की धमकी भी दी. परिजनों द्वारा लोधीखेडा पुलिस को इस बाबत जानकारी देने के बाद जाल बिछाया गया.
* जगह बदली लेकिन दबोचे गये
लोधीखेडा पुलिस ने वरुड पुलिस की सहायता से आरोपियों का लोकेशन लिया और वरुड बस स्टैंड परिसर में जाल बिछाया. लेकिन आरोपियों को संदेह होने से उन्होंने अपहृर्त युवक को पालक को समीप के पेट्रोल पंप पर बुलाया. लेकिन पहले से ही जाल बिछाकर बैठे पुलिस जवानों ने तीनों अपहरणकर्ताओं को कब्जे में लेकर लोधीखेडा पुलिस के हवाले किया और अपहृर्त युवक को सकुशल पालक को सौंप दिया. इस प्रकरण के अन्य आरोपियों की तलाश महाराष्ट्र व मध्यप्रदेश पुलिस कर रही है.





