मछली पकडने गये युवक की करंट लगने से मौत

मोर्शी थाना क्षेत्र के श्री क्षेत्र पाला ग्राम की घटना

मोर्शी /दि.25- मोर्शी के निकट श्री क्षेत्र पाला ग्राम में 24 वर्षीय युवक की माडू नदी के पात्र में मछलियां पकडते समय करंट लगने से मृत्यु हो गई. मृतक युवक का नाम पाला निवासी विजय रमेश परतेकी (24) है. यह घटना शुक्रवार 24 जुलाई की शाम 5 बजे के दौरान घटित हुई.
जानकारी के मुताबिक विजय परतेकी अपने तीन अन्य साथियों के साथ पाला शिवार से होते हुए बहने वाली माडू नदी में मछलियां पकडने के लिए गया था. मछलियां पकडने के लिए इन युवकों ने कथित रुप से एमएसईबी के विद्युत पोल से तार जोडकर नदी में विद्युत प्रवाह छोडने का प्रयास किया. इस दौरान विजय परतेकी को बिजली का जोरदार करंट लग गया और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घटना के बाद वहां उपस्थित उसके तीन साथियों ने विजय को पानी से बाहर निकालकर मोर्शी पुलिस को घटना की जानकारी दी. थानेदार राहुल आठवले के मार्गदर्शन में पीएसआई सुरेश कांबले, स्वप्निल बायस्कर और वैभव ठाकरे का दल घटनास्थल पहुंचा. पुलिस ने पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्शी के उपजिला अस्पताल पहुंचा दिया. घटनास्थल पर नागरिकों की भारी भीड जमा हो गई थी. पुलिस ने आकस्मिक घटना दर्ज कर जांच शुरु की है.

Back to top button