बगाजी सागर बांध के तीन गेट खुले, नदी में छोड़ा जा रहा पानी

प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

अमरावती/दि.1 – लगातार हो रही बारिश के बीच बगाजी सागर (लोअर वर्धा) बांध (तहसील आर्वी, जिला वर्धा) से पानी का नियंत्रित विसर्ग शुरू कर दिया गया है. प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले ग्रामीणों और संबंधित विभागों को सतर्क रहने तथा स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने की सलाह दी है.
बांध प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर 2 बजे बांध का जलस्तर 283.11 मीटर दर्ज किया गया, जबकि उपयोगी जल भंडारण 173.02 मिलियन घन मीटर (79.78 प्रतिशत) तक पहुंच गया है. वर्तमान में बांध के 31 में से 3 गेट 10 सेंटीमीटर तक खोले गए हैं, जिनके माध्यम से 27.48 घन मीटर प्रति सेकंड की दर से पानी नदी में छोड़ा जा रहा है. वहीं, पिछले दो घंटों का औसत 115.76 घन मीटर प्रति सेकंड पानी बांध में प्रवेश कर रहा है.
अधिकारियों ने बताया कि बांध में पानी की आवक के अनुसार जल विसर्ग को आवश्यकता पड़ने पर बढ़ाया या घटाया जा सकता है. इसलिए नदी किनारे बसे गांवों के लोगों से सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है. बगाजी सागर (लोअर वर्धा) बांध का पूर्ण जलभराव स्तर 283.80 मीटर है, जबकि कुल उपयोगी भंडारण क्षमता 216.87 मिलियन घन मीटर निर्धारित है. इस वर्ष 1 जून से अब तक 667 मिमी वर्षा दर्ज की गई है. बांध के उपविभागीय अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने और ग्रामीणों को समय-समय पर जल विसर्ग की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं.

Back to top button