कल पीएम मोदी से संवाद करेंगे पोटे पाटिल महाविद्यालय के विद्यार्थी

अमरावती/दि.26- विकसित भारत युवा कनेक्ट राष्ट्रीय उपक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वर्चुअल संवाद के लिए अमरावती के पी. आर. पोटे पाटिल अभियांत्रिकी महाविद्यालय का राज्य के 37 महाविद्यालयों में चयन हुआ है. विशेष रुप से अमरावती जिले से इस उपक्रम के लिए चयनित यह एकमात्र महाविद्यालय है. इससे संस्थान के शैक्षणिक एवं सामाजिक कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर दखल ली गई है. गुरुवार 27 अगस्त को महाविद्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. सुबह 10 से शाम 4 बजे तक कार्यक्रम चलेगा, जबकि सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विद्यार्थियों से वर्चुअल संवाद करेंगे.
विकसित भारत युवा कनेक्ट भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय का प्रमुख उपक्रम है. इसका उद्देश्य युवाओं को विकसित भारत 2047 की संकल्पना से जोडना तथा शासन, तकनीक, उद्यमिता और सामाजिक परिवर्तन में उनकी सक्रिय भागीदारी बढाना है. इस वर्ष नशामुक्त युवा, विकसित भारत विषय पर विशेष जोर दिया गया है. युवाओं को नशे से दूर रहने, मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य बनाए रखने तथा सोशल मीडिया के अत्याधिक उपयोग से बचने के लिए जागरुक किया जा रहा है. महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) द्वारा किए गए विभिन्न सामाजिक एवं जनजागरुकता कार्यों को देखते हुए इसका चयन किया गया है. कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारी, प्राचार्य, शिक्षक, कर्मचारी और बडी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहेंगे. प्रधानमंत्री से संवाद का अवसर मिलने से विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल है.





