साईनगर प्रभाग में उपमहापौर भेंडे ने किया समस्याओं का निरीक्षण
नालियों की सफाई, कचरा निपटान और खतरनाक पेड़ों की टहनियों की छंटाई के दिए निर्देश

अमरावती/दि.26- साईनगर प्रभाग के नागरिकों की ओर से लगातार सामने आ रही विभिन्न समस्याओं का संज्ञान लेते हुए मनपा के उपमहापौर सचिन भेंडे ने मंगलवार को क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने नागरिकों से सीधे बातचीत करते हुए उनकी समस्याएं जानीं और संबंधित स्थानों का निरीक्षण किया.
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में नालियों में जमा पानी, कचरे के उचित निपटारे तथा पेड़ों की खतरनाक टहनियों की समस्या प्रमुखता से सामने आई. नागरिकों ने बताया कि नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से कई स्थानों पर पानी जमा रहता है. वहीं कचरे के उचित निपटारे की व्यवस्था नहीं होने से भी नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. उपमहापौर सचिन भेंडे ने संबंधित मनपा अधिकारियों और कर्मचारियों को इन समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए. उन्होंने नालियों की सफाई नियमित रूप से करने, जमा कचरे का उचित तरीके से निपटारा सुनिश्चित करने तथा सड़क और घरों के आसपास मौजूद खतरनाक पेड़ों की टहनियों की छंटाई करने को कहा. भेंडे ने अधिकारियों से कहा कि नागरिकों की रोजमर्रा की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाना चाहिए. समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई तत्काल पूरी करनी होगी.
इस अवसर पर उपमहापौर सचिन भेंडे ने कहा कि नागरिकों ने अपने कीमती वोट देकर उन्हें जनप्रतिनिधि चुना है. ऐसे में उनकी समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करवाना उनकी जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि नागरिकों की समस्याओं को मौके पर समझकर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से जल्द से जल्द उनका निराकरण कराया जाए. निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी उपमहापौर के समक्ष क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं रखीं और उनके तत्काल समाधान की मांग की.





