विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण की शपथ

हरित अमरावती की ओर मनपा का कदम

अमरावती /दि.6- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अमरावती मनपा ने माझी वसुंधरा अभियान और राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत विशेष वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया. यह कार्यक्रम वलगांव रोड स्थित आसिर कॉलोनी के मनपा दवाखाना परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ.
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्थानीय एवं पर्यावरण अनुकूल पौधों का रोपण किया गया. मनपा आयुक्त वर्षा लढ्ढा ने स्वयं पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि वर्षभर चलने वाली सामूहिक जिम्मेदारी है. शहर का पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण और उनका संरक्षण अत्यंत आवश्यक है. इस अवसर पर माझी वसुंधरा अभियान के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, ऊर्जा बचत, प्लास्टिक मुक्त परिसर निर्माण और हरित विकास के लिए सामूहिक शपथ भी दिलाई गई. अधिकारियों और कर्मचारियों ने पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया. आयुक्त वर्षा लढ्ढा ने कहा कि बढ़ता प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और घटते हरित क्षेत्र आज गंभीर चुनौतियां हैं. इन समस्याओं से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक वृक्ष लगाकर उसका संरक्षण करना चाहिए. उन्होंने जल संरक्षण, ऊर्जा बचत, प्लास्टिक के कम उपयोग और स्वच्छता की आदतों को अपनाने का भी आह्वान किया.
कार्यक्रम में लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी संबंधित अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों ने स्वीकार की. मनपा ने इस अभियान के माध्यम से शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने, वायु प्रदूषण कम करने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण तैयार करने का संदेश दिया. इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त महेश देशमुख, उपायुक्त नरेंद्र वानखड़े, उपायुक्त योगेश पिठे, सहायक आयुक्त भूषण पुसतकर सहित अनेक अधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मचारी और मनपा कर्मी उपस्थित थे. कार्यक्रम को सफल बनाने में उद्यान विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. मनपा प्रशासन ने नागरिकों से भी पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी करने तथा हरित और स्वच्छ अमरावती के निर्माण में योगदान देने की अपील की है.

Back to top button