महिला का ऑटो में छूटा बैग दो घंटे में खोज निकाला
पुलिस की तत्परता और चालक की ईमानदारी का अनोखा उदाहरण

* 1.12 लाख के सोने के गहने से भरा लौटाया बैग, महिला ने जताया आभार
अकोला /दि.5 – अमरावती निवासी एक महिला का ऑटो में छूटा करीब 1 लाख 12 हजार रुपए मूल्य के सोने के आभूषणों से भरा बैग पुराना शहर पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर खोजकर उसे वापस सौंप दिया. पुलिस की तत्परता और ऑटो चालक की ईमानदारी की इस कार्रवाई की शहरभर में सराहना हो रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसीन फातिमा मुफ्ती अली (26, छाया नगर, अमरावती) 3 जून को अपने भाई से मिलने अकोला आई थी. रेलवे स्टेशन से वह ऑटो रिक्शा में बैठकर वाशिम बायपास स्थित अपने भाई के घर जा रही थी. हुसैनी मदरसा चौक के पास उतरने के बाद वह जल्दबाजी में अपना बैग ऑटो में ही भूल गई.
घर पहुंचने के बाद उन्हें बैग गायब होने का एहसास हुआ. बैग में करीब 7 ग्राम वजन का सोने का पेंडेंट एवं अन्य कीमती सामान था, जिसकी कुल कीमत लगभग 1.12 लाख रुपए बताई गई है. इसके बाद उन्होंने 4 जून को पुराना शहर पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई शिकायत मिलते ही ओल्ड सिटी पुलिस हरकत में आ गई. पुलिस निरीक्षक नितिन लेवरकर के मार्गदर्शन में जांच टीम ने शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और ऑटो रिक्शा की पहचान कर उसका पता लगाया. पुलिस ने अथक प्रयास कर कुछ ही घंटों में बैग बरामद कर महिला को सुरक्षित वापस सौंप दिया.
बैग वापस मिलने पर तहसीन फातिमा और उनके परिवार ने ओल्ड सिटी पुलिस का आभार व्यक्त किया तथा पुलिस की त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा की. यह सराहनीय कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत रेड्डी, उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुदर्शन पाटिल तथा पुलिस निरीक्षक नितिन लेवरकर के मार्गदर्शन में की गई. जांच दल में शेख असमल, श्रीकांत पवार, सागर शिरसाट, पवन डंबलकर, आशीष नांदोकर, शेख रिजवान और संदीप सदांशिव सहित अन्य पुलिस कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा.
* सतर्क पुलिस, सुरक्षित नागरिक का दिया संदेश
इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि, पुलिस की तत्परता, तकनीक का प्रभावी उपयोग और ईमानदार नागरिकों का सहयोग मिलकर किसी भी खोई हुई वस्तु को उसके मालिक तक पहुंचा सकते हैं.





