फसल खराब होने और आर्थिक तंगी से परेशान किसान ने फांसी लगाकर दी जान
धामणगांव रेलवे तहसील के चिंचोली शिवार की घटना

धामणगांव रेलवे /दि.22 – धामणगांव रेलवे तहसील के चिंचोली शिवार में लगातार फसल खराब होने और आर्थिक तंगी से परेशान एक किसान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक का नाम सुरेश देवराव अमझरे (40) है. यह घटना 19 सितंबर की दोपहर की बताई गई है.
जानकारी के मुताबिक सुरेश अमझरे के पिता के नाम संयुक्त परिवार की करीब दो एकड़ कृषि भूमि है. पिछले कुछ समय से लगातार फसल खराब होने के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई थी. घर का खर्च चलाने के लिए सुरेश ने कल्पतरु महिला बचत गट से 25 हजार रुपये का कर्ज भी लिया था. बताया गया कि सुरेश की मां पैरालिसिस से पीड़ित थीं, जिसके चलते उनके इलाज और दवाइयों पर भी नियमित खर्च हो रहा था. खेती से अपेक्षित आमदनी नहीं होने और बढ़ते आर्थिक बोझ के चलते वह परेशान थे. इसी आर्थिक संकट के बीच उन्होंने 19 सितंबर की दोपहर आत्महत्या कर ली. सुरेश अमजारे के परिवार में पत्नी, एक बेटी, एक बेटा तथा माता-पिता हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद दत्तापुर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा किया. शव को पोस्टमार्टम के लिए पुलगांव के सरकारी अस्पताल भेजा गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.





