पोटे कॉलेज रोड पर युवक को लूटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

अमरावती क्राइम ब्रांच की सफलता

अमरावती/दि.1 – अमरावती शहर पुलिस की क्राइम ब्रांच ने जबरन लूट के एक मामले का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल सहित 91 हजार रुपये का माल बरामद किया है. मामले का तीसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है.
पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई को नांदगांव पेठ थाना क्षेत्र के रहने वाले तुषार ज्ञानेश्वर रावताले (22) ने शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया गया कि वह अपनी महिला मित्र के साथ पोटे कॉलेज रोड स्थित लुंगे लॉन के सामने खड़ा था. इसी दौरान काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और दोनों को धमकाकर वीवो और रियलमी कंपनी के दो मोबाइल फोन तथा 550 रुपये नकद, कुल 12,550 रुपये का सामान लूटकर फरार हो गए. इस मामले में नांदगांवपेठ थाने में प्रकरण दर्ज किया गया था.
मामले की समानांतर जांच कर रही क्राइम ब्रांच को 31 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक इतवारा बाजार क्षेत्र में चोरी का मोबाइल बेचने की फिराक में हैं. सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर पोटे कॉलेज रोड पर युवक और उसकी महिला मित्र से मोबाइल और नकदी लूटी थी. आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दो वीवो और एक रियलमी मोबाइल फोन तथा वारदात में इस्तेमाल की गई काली पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक एमएच-27/ईए-4149 जब्त कर ली.
गिरफ्तार आरोपियों के नाम लालखडी निवासी शाहरुख खान आमिर खान (22) और अलकरीम नगर निवासी अल्तमश खान सलीम खान (25) है. जबकि फरार आरोपी का नाम गोलू बताया जाता है. पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों के पास से तीन मोबाइल, घटना में इस्तेमाल पल्सर मोटर साइकिल समेत कुल 91 हजार रुपये का माल बरामद किया गया है. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला के मार्गदर्शन में पुलिस उपायुक्त श्याम घुगे, पुलिस उपायुक्त प्रांजलि सोनवणे, सहायक पुलिस आयुक्त कैलास फुंडकर, सहायक पुलिस आयुक्त नयन अलुरकर तथा क्राइम ब्रांच की टीम ने संयुक्त रूप से अंजाम दी. पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है.

Back to top button