रक्षाबंधन के दिन धामणगांव क्षेत्र में दो भीषण सड़क हादसे, 8 लोग घायल

समृद्धि महामार्ग पर कार-ट्रक की टक्कर में तीन गंभीर, अंजनसिंगी में श्रद्धालुओं के ऑटो को फोर व्हीलर ने मारी टक्कर

* ऑटो चालक समेत पांच महिलाएं गंभीर रूप से घायल, सभी को अमरावती रेफर किया गया
धामणगांव रेलवे/दि.28- रक्षाबंधन पर्व के दिन शुक्रवार को धामणगांव रेलवे क्षेत्र में दो अलग-अलग भीषण सड़क दुर्घटनाओं ने सनसनी फैला दी. एक हादसा समृद्धि महामार्ग पर हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ट्रक से जा भिड़ी. इस हादसे में एक महिला व दो पुरूष घायल गंभीर रूप से घायल हुए. जबकि दूसरा हादसा मंगरूल दस्तगीर-पिंपलखुटा मार्ग पर अंजनसिंगी गांव के पास हुआ. जहां दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालु महिलाओं के ऑटो को एक फोर व्हीलर वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में पांच श्रध्दालु महिलाएं घायल हुए. दोनों दुर्घटनाओं में घायल कुल आठ लोगों में से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है. इसमें से अंजनसिंगी हादसे के घायलों को अमरावती के जिला सामान्य अस्पताल में रेफर किया गया है. वहीं समृध्दि एक्सप्रेस वे पर हुए हादसे में घायल तीन लोगों को धामणगांव रेलवे के ग्रामीण अस्पताल में इलाज हेतु भर्ती कराया गया है. एक ही दिन में दो गंभीर सड़क दुर्घटनाएं होने से धामणगांव रेलवे एवं आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया. रक्षाबंधन जैसे पारिवारिक और उल्लासपूर्ण पर्व पर हुए इन हादसों ने कई परिवारों की खुशियों को चिंता में बदल दिया.
समृद्धि महामार्ग पर कार ने पीछे से ट्रक को मारी टक्कर, तीन गंभीर
पहली दुर्घटना शुक्रवार सुबह समृद्धि महामार्ग के चैनल क्रमांक 110 के समीप हुई. प्राप्त जानकारी के अनुसार नागपुर से रक्षाबंधन के अवसर पर अपने गंतव्य की ओर जा रहे कोटेचा परिवार की कार क्र. एमएच-49/सीएल-9028 मुंबई की दिशा में जा रहे एक ट्रक क्र. एचआर-55/एएस-0874 से पीछे से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में कार सवार संजय कोटेचा, संकेत कोटेचा तथा विशाखा कोठारी गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों तथा महामार्ग सुरक्षा दल की मदद से घायलों को बाहर निकालकर उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया. दुर्घटना के कारण कुछ समय तक महामार्ग पर यातायात प्रभावित रहा. घायलों में संकेत कोटेचा की हालत गंभीर रहने से उसे नागपुर रेफर किया गया है.

सालबर्डी दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं का ऑटो दुर्घटनाग्रस्त
दूसरी दुर्घटना अंजनसिंगी गांव के समीप शोभामाता मंदिर के पास घटित हुई. जानकारी के अनुसार चिंचपुर गांव से पांच महिलाएं एक ऑटो रिक्शा क्र. एमएच-27/बीडब्ल्यू-9872 में सवार होकर सालबर्डी दर्शन के लिए जा रही थीं. इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार फोर व्हीलर वाहन ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में ऑटो चालक सहित पांच महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय नागरिक तत्काल मदद के लिए दौड़ पड़े. घटना की जानकारी मिलते ही नागरिकों ने तुरंत डायल 112 पर संपर्क कर पुलिस एवं आपातकालीन सेवाओं को सूचना दी. घायलों को पहले अंजनसिंगी के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को आगे के उपचार के लिए अमरावती के जिला सामान्य अस्पताल (इर्विन अस्पताल) रेफर कर दिया गया.
पुलिस सूत्रों के अनुसार ऑटो को टक्कर मारने वाला फोर व्हीलर चालक दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. फरार वाहन एवं चालक की तलाश की जा रही है. वहीं दूसरी ओर इस हादसे की सूचना दिए जाने के बावजूद पुलिस को मौके पर पहुंचने में विलंब होने के चलते नागरिकों ने मंगरूल दस्तगीर पुलिस के खिलाफ जबरदस्त ढंग से अपने रोष व संताप को व्यक्त किया.

Back to top button