5 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
3.30 लाख रुपये का गांजा और बाइक जब्त

* अमरावती ग्रामीण पुलिस की कार्रवाई
अमरावती/दि.30– अमरावती ग्रामीण पुलिस ने ऑपरेशन कवच के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से 5 किलोग्राम गांजा और एक मोटरसाइकिल सहित कुल 3.30 लाख का माल जब्त किया है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम चिखलदरा तहसील के वस्तापुर निवासी रामनाथ मंगल बेलसरे (40) तथा गणेश राजू झामरकर (38) है.
पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के निर्देशानुसार अवैध कारोबार और नशीले पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 29 जुलाई को स्थानीय अपराध शाखा की टीम परतवाड़ा क्षेत्र में गश्त कर रही थी. इसी दौरान गोपनीय जानकारी मिली कि दो व्यक्ति अंजनगांव रोड से परतवाड़ा की ओर गांजा बिक्री के उद्देश्य से ले जा रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस ने सावली धतूरा गांव के पास जाल बिछाकर हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक एमएच-27/एवाई-7088 पर सवार दोनों आरोपियों को रोककर तलाशी ली. तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद सफेद नायलॉन बैग से 5 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग 2.50 लाख है, बरामद किया गया. साथ ही 80 हजार कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई. इस प्रकार कुल 3.30 लाख का माल पुलिस ने कब्जे में लिया. दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले की आगे की जांच जारी है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़, प्रभारी उपविभागीय पुलिस अधिकारी माधवराव गरुड़, स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अशोक लांडे, परतवाड़ा पुलिस स्टेशन के प्रभारी अजय आकरे के मार्गदर्शन में एसपीओ सलीम शेख तथा उनकी टीम ने की.





