अमरावती के उमेश कोल्हे हत्याप्रकरण

एनआईए कोर्ट में वकीलपत्र दाखिल

* आगे की कानूनी लड़ाई के लिए 6 वकीलों की नियुक्ति
* शीघ्र शुरु हो सकती है नियमित सुनवाई
मुंबई/दि.29 – अमरावती के बहुचर्चित उमेश कोल्हे हत्या मामले में आज मुंबई के एनआईए स्पेशल सेशन्स कोर्ट में फिर्यादी और दिवंगत उमेश कोल्हे के पीड़ित परिवार की ओर से आधिकारिक वकीलपत्र दाखिल किया गया. इस मामले में आगे की कानूनी लड़ाई के लिए 6 अधिवक्ताओं की नियुक्ति की गई है. उन्होंने कोर्ट में उपस्थित होकर फिर्यादी पक्ष का प्रतिनिधित्व करने की आधिकारिक प्रक्रिया पूरी की.
फिर्यादी पक्ष के वकीलों में एड. प्रकाश सालसिंगीकर, एड. गणेश नागरगोजे, एड. खेताराम सोलंकी, एड. संकेत राव, एड. तेजस सावंत, एड. श्रीराम चिंदरकर का समावेश है. अब आगे की सभी न्यायालयीन कार्यवाही, बहस और कानूनी प्रक्रिया इन्हीं वकीलों के मार्गदर्शन में होगी और फिर्यादी पक्ष की बात कोर्ट के सामने प्रभावी ढंग से रखी जाएगी.
* मामला क्या है?
उल्लेखनीय है कि 21 जून 2022 को अमरावती में मेडिकल व्यवसायी उमेश कोल्हे की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई थी. जांच में सामने आए सबूतों के आधार पर यह आरोप लगा कि यह मामला आतंकी साजिश से जुड़ा है. इसके बाद केस की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी को सौंप दी गई. एनआईए द्वारा दाखिल आरोपपत्र के अनुसार, सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट के कारण यह साजिश रची गई थी. इस मामले में कई आरोपियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है. देशभर में चर्चा का विषय बने इस मामले की कोर्ट सुनवाई पर सभी की नजरें हैं. फिर्यादी पक्ष अब कोर्ट में अपनी बात मजबूती से रखने की तैयारी में जुट गया है.

Back to top button