जब ‘कटबाज’ लडकों को विधायक पोटे ने सीखाया सबक

कट मारकर भागनेवालोंं को पकडा, सटासट कान के नीचे भी रखी

अमरावती/दि.7- आज दोपहर विधान परिषद सदस्य प्रवीण पोटे पाटिल अपने सहयोगियों संग अपने वाहन में सवार होकर अपने कैम्प रोड स्थित कार्यालय से इर्विन चौक की ओर जा रहे थे. तभी एक मोपेड क्रमांक एमएच-27/एएन-2822 पर सवार होकर लापरवाही के साथ वाहन चला रहे तीन लडकों ने पहले तो विधायक पोटे के वाहन को कट मारी और फिर यही स्टंटबाजी दोहराते हुए सडक से गुजर रही दो महिलाओं के दुपहिया वाहनों को भी कट मारी. जिसके चलते एक दुपहिया वाहन पर सवार महिला व उसकी बच्ची नीचे गिर गए. यह देखते ही विधायक पोटे काफी संतप्त हुए और उन्होंने अपने ड्रायव्हर को वाहन की रफ्तार बढाते हुए उन युवकों को पकडने हेतु कहा. सौभाग्य से थोडे ही आगे इर्विन चौक पर रेड सिग्नल था. जिसके चलते वे तीनों युवक इर्विन चौक पर ही पकड में आ गए. जिन्हें विधायक प्रवीण पोटे ने अपने वाहन से उतरकर लगभग झपटते हुए धर दबोचा और तीनों लडकों के कान के नीचे सटासट तमाचे रसीद कर दिए. यह देखते ही इर्विन चौक पर ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिस कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे. जिन्हें विधायक प्रवीण पोटे ने निर्देश दिया कि, चुंकि तीनों लडके अल्पवयीन है. अतः इन तीनों लडकों के मां-बाप को मौके पर बुलाया जाए और उनके खिलाफ चालान की कार्रवाई करने के साथ ही कानूनी कार्रवाई भी की जाए.
इस समय विधायक प्रवीण पोटे ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिस कर्मियों पर भी काफी भडकते हुए नजर आए और उन्होंने कहा कि, यातायात पुलिस का शहर की बेतरतीब होती यातायात व्यवस्था पर कोई ध्यान नहीं है. ऐसे में सबसे पहले यातायात पुलिस महकमे के कामकाज को सुधारे जाने की सख्त जरूरत है.

Back to top button