खंडवा जाते समय धारणी के युवकों की कार हादसे का शिकार

एक की मौत, एक गंभीर घायल

धारणी /दि.3– मध्य प्रदेश के खंडवा स्थित दादाजी धुनीवाले के दर्शन के लिए जा रहे धारणी के चार युवकों की कार शुक्रवार रात भीषण सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई. हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया. दो युवकों को मामूली चोटें आई हैं.
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात चार युवक हुंडई क्रेटा कार से धारणी से खंडवा के लिए रवाना हुए थे. खंडवा मार्ग पर गुड़ी गांव के समीप चालक का वाहन से नियंत्रण अचानक छूट गया, जिससे तेज रफ्तार कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में आगे की सीट पर बैठे एक युवक को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं चालक का पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है. कार में सवार अन्य दो युवकों को मामूली चोटें आने की जानकारी मिली है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. हादसे की खबर से धारणी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. मामले की जांच मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र पुलिस संयुक्त रूप से कर रही है. दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी हुई है.

Back to top button