जंगली सुअर ने किया बुजुर्ग पर जानलेवा हमला
परिसर के नागरिकों में भय व चिंता का माहौल

अमरावती/दि.25– शेगांव नाका स्थित आशियाड कॉलोनी परिसर में बुधवार, 24 जून को तडके एक जंगली सुअर द्वारा एक बुजुर्ग पर जानलेवा हमला किए जाने की चौकानेवाली घटना सामने आई है. इस हमले में पिंजरकर नामक बुजुर्ग गंभीर रुप से घायल हो गए. सुअर के हमले की इस घटना से परिसर के नागरिकों में भय और चिंता का माहौल है.
जानकारी के अनुसार बुधवार 24 जून की सुबह लगभग 5 बजे आशियाड कॉलोनी निवासी पिंजरकर रोज की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए बाहर निकले थे. इसी दौरान कॉलोनी स्थित विघ्नहर्ता गणपति मंदिर के सामने की खुली जगह से अचानक एक जंगली सुअर निकलकर उन पर टूट पडा. सुअर ने उन पर बेहद आक्रमक हमला करते हुए शरीर के कई हिस्सों को गंभीर रुप से काट खाया.
हमले की भयावहता का अंदाज इसी बात से लगाया जा सकता है कि, पिंजरकर को अपने हाथ की एक उंगली भी गंवानी पडी. उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है. यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है. आशियाड कॉलोनी के नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि, गणपति मंदिर के सामने स्थित खुली जगह, जहां से जंगली जानवर और सुअर कॉलोनी में प्रवेश करते है, वहां तत्काल मजबूत कम्पाउंड वॉल कर निर्माण कराया जाए. साथ ही नाले के रास्ते जानवरों के सीधे कॉलोनी में आने पर रोक लगाने के लिए पूरे नाले को आरसीसी गट लाइन के माध्यम से बंद किया जाए.
* नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील
नागरिकों से अपील की गई है कि, वे सुबह और शाम को टहलते समय सावधानी बरते. जंगली जानवर या सुअरों के संभावित हमले को देखते हुए चलते समय अपने साथ काठि या मजबूत डंडा रखे, अंधेरे या सुनसान रास्तों पर अकेले जाने से बचे एवं संभव हो तो समूह में ही मॉर्निंग वॉक करें.