दो धारदार चाकुओं के साथ युवक गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच की कार्रवाई

अमरावती/दि.7 – अमरावती शहर क्राइम ब्रांच ने अवैध रूप से जानलेवा हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एक युवक को दो धारदार चाकुओं के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो चाकू जब्त कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है. गिरफ्तार आरोपी का नाम हैदरपुरा निवासी जाहेद शाह आबिद शाह (21) है.
जानकारी के मुताबिक पुलिस आयुक्त राकेश ओला के निर्देशानुसार शहर में अवैध हथियार रखने वाले और आपराधिक गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में 6 अगस्त को क्राइम ब्रांच के निरीक्षक अतुल वर को जानकारी मिली कि गडगडेश्वर मंदिर के सामने एक युवक संदिग्ध अवस्था में किसी संज्ञेय अपराध को अंजाम देने की नीयत से खड़ा है. सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया. तलाशी लेने पर उसकी कमर से दो धारदार चाकू बरामद हुए. पुलिस ने दोनों हथियार जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान जाहेद शाह आबिद शाह (21) के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 हजार रुपये कीमत का एक लोहे का चाकू तथा 500 रुपये कीमत का एक स्टील का चाकू जब्त किया. जब्त हथियारों की कुल कीमत 1,500 रुपये बताई गई है. इस मामले में खोलापुरी गेट पुलिस थाना में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 135 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है.यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त (जोन-1) यशवंत सोलंके, पुलिस उपायुक्त (जोन-2) श्याम घुगे तथा पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय एवं क्राइम) प्रांजलि सोनवणे के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अतुल वर के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की टीम ने अंजाम दी.

Back to top button