पुलिस कस्टडी में रहनेवाले युवक की ट्रेन से गिरकर मौत

नागपुर से लापता युवक का शव मालखेड-टिमटाला में रेलवे ट्रैक किनारे मिला

* अकोला से पुलिस कस्टडी में नागपुर लाया जा रहा था युवक
* बडनेरा पार करते ही ट्रेन से हुआ गायब, चलती ट्रेन से गिरा
* बडनेरा पुलिस कर रही मामले की जांच
अमरावती/दि.3- नागपुर से लापता हुए एक 29 वर्षीय युवक का शव अमरावती जिले में बडनेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत टिमटाला-मालखेड रेलवे डाउन लाइन के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई है. मृतक की पहचान सौरभ भानुदास गणवीर (29), निवासी गोपालनगर क्रमांक-2, बस स्टॉप के पास, नागपुर के रूप में हुई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सौरभ 1 अगस्त से अपने घर से लापता था और उसकी गुमशुदगी को लेकर नागपुर के प्रतापनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी. मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि लापता होने के बाद सौरभ अकोला पहुंच गया था, जहां रेलवे पुलिस ने उसे अपने संरक्षण में लेकर पूछताछ की थी. इसके बाद नागपुर पुलिस का एक कर्मचारी उसे वापस नागपुर ले जाने के लिए अकोला पहुंचा. रास्ते में बडनेरा स्टेशन पार करने के बाद सौरभ रहस्यमय ढंग से ट्रेन से गायब हो गया और कुछ समय बाद उसका शव रेलवे ट्रैक के किनारे मिला.
प्राप्त जानकारी के अनुसार सौरभ गणवीर 1 अगस्त को अचानक अपने घर से निकल गया था और वापस नहीं लौटा. परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद प्रतापनगर पुलिस थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस उसकी तलाश कर ही रही थी कि इस बीच उसके अकोला पहुंचने की जानकारी सामने आई. बताया जाता है कि अकोला रेलवे पुलिस को एक संदिग्ध अवस्था में युवक मिला था. पूछताछ के दौरान उसकी पहचान सौरभ गणवीर के रूप में हुई. इसके बाद अकोला रेलवे पुलिस ने नागपुर पुलिस से संपर्क कर पूरी जानकारी दी. सूचना मिलने के बाद प्रतापनगर पुलिस थाने का एक कर्मचारी अकोला पहुंचा और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर सौरभ को अपने साथ नागपुर ले जाने के लिए रवाना हुआ. दोनों भुसावल-निजामुद्दीन गोंडवाना एक्सप्रेस में सवार होकर नागपुर की ओर जा रहे थे.
जानकारी के मुताबिक, यात्रा के दौरान बडनेरा रेलवे स्टेशन पार होने के बाद सौरभ ने साथ मौजूद पुलिस कर्मचारी से शौचालय जाने की बात कही. वह अपनी सीट से उठकर कोच के शौचालय की ओर गया, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा. जब ट्रेन आगे बढ़कर वर्धा स्टेशन पहुंची और सौरभ वापस नहीं आया, तब साथ मौजूद पुलिस कर्मचारी को उसकी अनुपस्थिति का एहसास हुआ. तत्काल इसकी सूचना वर्धा रेलवे पुलिस (जीआरपी) को दी गई. इसके बाद रेलवे मार्ग पर उसकी तलाश शुरू की गई. खोजबीन के दौरान टिमटाला और मालखेड रेलवे लाइन के बीच एक स्थान पर रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की तलाशी ली तो उसकी जेब से इलाज संबंधी पर्चियां और अन्य दस्तावेज मिले. इन्हीं के आधार पर शव की पहचान सौरभ गणवीर के रूप में हुई.
ज्ञात रहेे कि, जिस स्थान पर शव मिला, वह क्षेत्र बडनेरा पुलिस थाना सीमा के अंतर्गत आता है. इसलिए रेलवे पुलिस द्वारा आवश्यक पंचनामा और प्रारंभिक कार्रवाई के बाद मामले की विस्तृत जांच बडनेरा पुलिस को सौंप दी गई है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों के बारे में अधिक स्पष्टता मिल सकेगी.
इस पूरे घटनाक्रम ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस अब यह जानने का प्रयास कर रही है कि आखिर सौरभ ट्रेन से नीचे कैसे गिरा. क्या सौरभ चलती ट्रेन से दुर्घटनावश गिर गया? क्या उसने स्वयं चलती ट्रेन से छलांग लगाई? क्या किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे धक्का दिया? ट्रेन में उस समय उसकी गतिविधियां क्या थीं? ट्रेन के कोच और दरवाजों के पास मौजूद यात्रियों ने क्या देखा? इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस मामले की जांच कर रही है.
सूत्रों के अनुसार जांच एजेंसियां ट्रेन के संबंधित कोच, रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज तथा यात्रियों के बयान भी खंगाल सकती हैं. इससे यह स्पष्ट करने में मदद मिल सकती है कि बडनेरा स्टेशन पार करने के बाद सौरभ के साथ वास्तव में क्या हुआ था. फिलहाल पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के बाद ही सौरभ गणवीर की मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी.

Back to top button