अमरावती में सफाई व्यवस्था चरमराने पर वाईएसपी का मनपा आयुक्त को अल्टीमेटम

सुधार न होने पर पार्षदो की आंदोलन की चेतावनी

अमरावती/दि.15- शहर में सफाई व्यवस्था बिगड़ने और बारिश के मौसम में संक्रामक बीमारियों के बढ़ते खतरे को लेकर युवा स्वाभिमान पार्टी के पार्षदों ने मनपा आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है. पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो सभी पार्षदों की ओर से तीव्र आंदोलन किया जाएगा.
ज्ञापन में कहा गया है कि पिछले दो-तीन दिनों से कोणार्क कंपनी के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहर के विभिन्न हिस्सों में कचरे के ढेर लग गए हैं. इससे नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
पार्षदों ने बताया कि बरसात के मौसम में डेंगू, मलेरिया और डायरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है और मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है. इसके बावजूद नगर निगम की ओर से फॉगिंग और कीटनाशक छिड़काव के लिए प्रभावी योजना नहीं बनाई गई है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है. ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि लापरवाही के कारण किसी नागरिक की जान जाती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी. युवा स्वाभिमान पार्टी ने आयुक्त से शहर में तत्काल सफाई अभियान चलाने, कचरे का नियमित उठाव सुनिश्चित करने तथा मच्छरों की रोकथाम के लिए फॉगिंग और दवा छिड़काव शुरू करने की मांग की है. इस ज्ञापन पर पार्टी के नेता एवं पार्षद नाना आमले, उपमहापौर सचिन ओंकारराव भेंडे सहित कई पार्षदों के हस्ताक्षर हैं.

Back to top button