अमरावती की सडकें बनी मौत का हाईवे
भारी वाहनों और अवैध परिवहन से बढते हादसों पर युकां का फूटा गुस्सा

* युवक कांग्रेस का पुलिस प्रशासन पर हमला
* दोषी आरटीओ अधिकारी के निलंबन की मांग, सौंपा ज्ञापन
* कार्रवाई न होने पर तीव्र जनांदोलन की चेतावनी
अमरावती/दि.31 – अमरावती शहर में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों, अवैध मालवाहक एवं यात्री वाहनों की आवाजाही तथा बिगड़ती यातायात व्यवस्था को लेकर अमरावती जिला युवक कांग्रेस ने पुलिस आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. संगठन ने हाल ही में हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत का हवाला देते हुए प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है.
ज्ञापन में कहा गया है कि शहर की मुख्य सड़कों पर नियमों की अनदेखी कर भारी वाहन बेधड़क दौड़ रहे हैं, जिससे आम नागरिकों की जान जोखिम में पड़ गई है. युवक कांग्रेस का आरोप है कि यातायात पुलिस की मौजूदगी के बावजूद अवैध परिवहन और यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है, जिसके कारण सड़क दुर्घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है. संगठन ने मांग की है कि शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर सख्ती से नियंत्रण लगाया जाए, यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ केवल जुर्माना नहीं बल्कि आपराधिक कार्रवाई की जाए तथा अवैध परिवहन करने वालों के नेटवर्क पर तत्काल कार्रवाई की जाए. इसके साथ ही इस मामले में जिम्मेदार आरटीओ अधिकारी को निलंबित करने की भी मांग की गई है.
युवक कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए तो नागरिकों की सुरक्षा को लेकर संगठन व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी. इस ज्ञापन पर जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल येवले के साथ कार्याध्यक्ष अनिकेत ढेंगले, प्रदेश महासचिव परीक्षित जगताप, जिला उपाध्यक्ष नितिन काले, विधानसभा अध्यक्ष वैभव देशमुख, ब्लॉक अध्यक्ष गुड्डू हामिद, तहसील अध्यक्ष संदीप मुंडे सहित स्वराज पोटे, अक्षय घुमावरे, चेतन इतनारे, भूषण मामर्डे, श्याम शिंगारे, श्याम खेरड़े, जुबेर खान, नासिर खान, कैफ खान, राहुल बागडे, विक्की यादव, समीर दहातोंडे, केतन याऊल, छोटू पांडे, हर्षल साखरकर सहित अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के हस्ताक्षर हैं.





