‘उस’ अज्ञात शव के मामले में हत्या का अपराध दर्ज
मृतक के सिर व सीने पर पाए गए चोट के निशान

* किसी भारी वस्तु से वार किए जाने का जताया गया अंदेशा
* करीब एक माह पहले मौत होने का व्यक्त किया गया अनुमान
* अब तक मृतक की शिनाख्त होना बाकी, जांच जारी
* प्रत्येक थाने में मिसींग रिपोर्ट को खंगाला जा रहा
* पुलिस ने अब मृतक के फोटो सहित पर्चे बांटने का लिया निर्णय
* मामले की गुत्थी को सुलझाना पुलिस के लिए काफी बडी चुनौती
* पठान चौक के निकट अर्से से बंद पडे अस्पताल की पानी की टंकी से बरामद हुआ था शव
अमरावती/दि.15- विगत दिनों स्थानीय नागपुरी गेट पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत पठान चौक के निकट डॉ. वजीर पटेल की संस्था द्बारा संचालित अस्पताल की लंबे अरसे से बंद पडी इमारत की उपरी मंजील पर रखी पानी की दो टंकियों में से एक टंकी से एक अज्ञात व्यक्ति का सडागला शव बरामद हुआ था. इस मामले में नागपुरीगेट पुलिस ने अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का आधार लेते हुए हत्या का मामला दर्ज किया हैं. क्योंकि पीएम रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है कि मृतक व्यक्ति के सिर और सीने पर किसी वजनी वस्तु द्बारा प्रहार किया गया था. जिससे उक्त व्यक्ति को काफी अंदरूनी चोटे आई थी. संभवत: इसी वजह के चलते उस व्यक्ति की मौत हुई थी और फिर उसके शव को लाकर बंद पडे अस्पताल के पानी की टंकी में डाल दिया गया. साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह खुलासा भी हुआ है कि संभवत: उक्त व्यक्ति की मौत हुए एक माह से अधिक का समय बित चुका है और लंबे समय तक पानी में पडा रहने की वजह से उक्त व्यक्ति का शव इतनी बुरी तरह से सडगल गया कि उसकी शिनाख्त कर पाना काफी मुश्किल साबित हो रहा हैं, ऐसे में नागपुरी गेट पुलिस ने अब उक्त व्यक्ति के चेहरे का स्केच के जरिए चित्र बनाते हुए घर-घर पॉम्प्लेट बाटने का निर्णय लिया है. साथ ही सभी पुलिस थाने में गुमशुदा लोगो के नामों की जानकारी को भी खंगाला जा रहा हैं. ताकि मृतक व्यक्ति की पहचान की जा सके.
बता दें कि स्थानीय खदान चौक परिसर में ख्यातनाम समाजसेवी डॉ. वजीर पटेल की संस्था द्बारा कई वर्ष पहले एक धर्मार्थ अस्पताल शुरू किया गया था. जो विगत लंबे समय से बंद पडा हुआ हैं. इसी अस्पताल की विरान व सुनसान पडी इमारत की छत पर पानी की दो टंकिया रखी हुई हैं. गत रोज दोपहर जब इस परिसर में अचानक ही तेज बदबू फैलनी शुरू हुई तो क्षेत्र के एमआईएम पार्षद सैयद राशीद अली व सामाजिक कार्यकर्ता वाहीद खान ने दुर्गंध के स्त्रोत का पता करते हुए अस्पताल की छत पर जाकर देखा और छत पर लगी पानी की दोनो टंकियों को खोला गया, तब पानी की एक टंकी में एक व्यक्ति की सडी गली लाश पडी दिखाई दी. इसकी जानकारी तुरंत ही नागपुरी गेट पुलिस को दी और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर जिला शवागार में भिजवाया. जहां पर हुए पोस्टमार्टम के जरिए पता चला की मृतक व्यक्ति के सिर और सीने पर किसी वजनी वस्तु के प्रहार की वजह से चोट के निशान हैं. हालांकि यह पता नहीं चल पाया है कि उक्त चोटे किस वस्तु के प्रहार की वजह से हुई होंगी. परंतु चोट लगने की वजह से मौत होने की बात स्पष्ट होते ही नागपुरी गेट पुलिस ने अब इस मामले में हत्या की धाराओं को जोड लिया हैं तथा पुलिस अब सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है. जिसके तहत सबसे पहले तो यह पता लगाया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति कौन था और उसका शव अस्पताल की बंद पडी इमारत की छत पर लगी पानी की टंकी में कैसे पहुंची. जिसके तहत पुलिस द्बारा मृतक व्यक्ति के छायाचित्रवाले पत्रक घर-घर बांटने का निर्णय लिया गया हैं. साथ ही साथ पुलिस अब गुमशुदा लोगों की जानकारियों को भी खंगाल रही हैं.





