बावनकुले ने कहा – नसीब में होगी तो गाड़ी रुक नहीं सकती

नवनीत राणा की इच्छा पर पालकमंत्री की सटीक प्रतिक्रिया

* डॉ. नितिन धांडे के विधान मंडल में जाने की संभावना का विषय
अमरावती/दि.12 – जिले की सांसद रह चुकी बीजेपी नेत्री नवनीत राणा के संबोधन में डॉ. नितिन धांडे को विधायक के रुप में देखने की इच्छा पर पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने सटीक प्रतिक्रिया सोमवार शाम के समारोह में ही दे दी. उन्होंने डॉ. धांडे को विधान मंडल का सदस्य बनने की योग्यता वाला नेता कहते हुए कुछ अलग अंदाज में कह दिया कि, नसीब में होगी तो गाडी नहीं रुकती. जिससे अमरावती के राजनीतिक क्षेत्र में चर्चा फूट पडी है. हर कोई इसी विषय पर बात करता दिखाई दे रहा है. उल्लेखनीय है कि, शहर जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. नितिन धांडे के जन्मदिवस उपलक्ष्य मित्र परिवार ने सोमवार शाम सांस्कृतिक भवन में शानदार कार्यक्रम रखा था. उसमें उपरोक्त बातें नेताओं के संबोधनों में सुनी और अधोरेखित की गई.
इस दौरान अमरावती की राजनीति को लेकर पूर्व सांसद नवनीत राणा के बयान पर भी बावनकुले ने हल्के-फुल्के अंदाज में प्रतिक्रिया दी. उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, नवनीत राणा ने जो बॉम्ब फोड़ा, वह पोटे साहब के ऊपर गया. उन्होंने आगे कहा कि पोटे साहब और नितिन धांडे दोनों ही मजबूत कार्यकर्ता हैं और दोनों का राजनीतिक कार्य अच्छा है. टिकट किसी को भी मिल सकता है और कोई भी विधायक बन सकता है.
बावनकुले ने कहा कि नवनीत राणा की भावना है कि नितीन धांडे विधानसभा में जाएं और अमरावती के मुद्दे उठाएं. मैं भी उन्हें शुभकामनाएं देता हूं, ऐसा उन्होंने कहा. अंत में उन्होंने एक राजनीतिक संदेश देते हुए कहा, अगर नसीब में होगा तो गाड़ी देर से हो सकती है, लेकिन रुक नहीं सकती. पालकमंत्री ने शिक्षा क्षेत्र में डॉ. धांडे के योगदान का उल्लेख कर कहा कि, डॉ. धांडे ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति को अपनी कल्पनाशीलता से प्रभावी क्रियान्वित किया है. पालकमंत्री ने डॉ. धांडे को सक्रिय और अधिक कल्पक नेता बताया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया बयान और अमरावती की राजनीतिक चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कई महत्वपूर्ण बातें कहीं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से केवल संयम और बचत की अपील की है, किसी चीज़ को पूरी तरह बंद करने का आह्वान नहीं किया है. बावनकुले ने कहा कि वर्तमान में खाड़ी देशों में युद्ध जैसे हालात बने हुए हैं, जिसका असर डीजल-पेट्रोल की कीमतों पर पड़ रहा है और परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण बनती जा रही हैं. ऐसे समय में प्रधानमंत्री मोदी ने तेल की खपत कम करने और स्वदेशी को बढ़ावा देने का संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि यदि देश में वाहनों में 100 प्रतिशत इथेनॉल का उपयोग शुरू हो जाए तो भारत का पैसा विदेशों में नहीं जाएगा और देश आत्मनिर्भर बनेगा. यह प्रधानमंत्री मोदी की स्वदेशी सोच का हिस्सा है, जो महात्मा गांधी के विचारों से प्रेरित है.
पालकमंत्री ने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे घर में जरूरत से ज्यादा खाना बनने पर कुछ भोजन व्यर्थ चला जाता है, उसी तरह हर स्तर पर थोड़ी बचत और मितव्ययिता अपनाई जा सकती है. उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री मोदी ने केवल जरूरत के अनुसार संसाधनों के उपयोग की बात कही है.

Back to top button