सरकारी नौकरी का झांसा देकर 13 लाख रुपए की ठगी

खुद को सरकारी कर्मचारी बताकर नौकरी लगाने का दिया था भरोसा

* नांदगांवपेठ पुलिस ने दर्ज किया मामला
अमरावती/दि.29 – सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 29 वर्षीय युवक से 13 लाख रुपए की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है. आरोपी ने खुद को सरकारी कर्मचारी बताते हुए शिकायतकर्ता को नौकरी लगाने का भरोसा दिया था. नौकरी नहीं लगने और रकम वापस नहीं मिलने के बाद पीड़ित ने नांदगांवपेठ थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपी का नाम हेमंत मदन गांजरे (30) है.
जानकारी के मुताबिक अमरावती निवासी शिकायतकर्ता सुयोग प्रभाकर पाचघरे (29) ने पुलिस को बताया कि मोर्शी निवासी आरोपी हेमंत मदन गांजरे (30) ने उसे सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था. आरोपी ने खुद को सरकारी कर्मचारी बताते हुए नौकरी लगवाने के नाम पर शिकायतकर्ता से अलग-अलग समय में कुल 13 लाख रुपए लिए. पैसे लेने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी तो शिकायतकर्ता ने आरोपी से रकम वापस मांगी. मामले में समाधान नहीं होने पर उसने नांदगांवपेठ पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई.
* पराग टाउनशिप से जुड़ा मामला
सूत्रों के मुताबिक यह प्रकरण पराग टाउनशिप, रिंग अपार्टमेंट, शेगांव-रहटगांव रोड, अमरावती से संबंधित है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी हेमंत गांजरे के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने नौकरी दिलाने के नाम पर शिकायतकर्ता से पैसे किस तरीके से हासिल किये और इस ठगी में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है.

Back to top button