बडनेरा में जुए के अड्डे पर क्राइम ब्रांच का छापा, 5 गिरफ्तार
दो आरोपी फरार, 3.07 लाख रुपए नकद जब्त

अमरावती/दि.29 – बडनेरा थाना क्षेत्र में एक मिल के पीछे चल रहे जुए के अड्डे पर क्राइम ब्रांच की यूनिट क्रमांक-1 ने छापा मारकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया. कार्रवाई में पुलिस ने 3 लाख 7 हजार 350 रुपए नकद सहित जुए में इस्तेमाल होने वाला सामान जब्त किया है. जुए का अड्डा चलाने वाले दो आरोपी फरार हो गए. गिरफ्तार आरोपियों के नाम अजय रामसंकल गुप्ता (58), भारत तुकाराम दुधे (66), शुभम रामदास मेश्राम (31), अब्दुल सादिक अब्दुल फारूक (46) और बालकृष्ण दयाराम पटेल (38) है.
जानकारी के मुताबिक 27 जुलाई को क्राइम ब्रांच के निरीक्षक दिनेश दहातोंडे, सहायक निरीक्षक मनीष वाकोडे, दशरथ आडे, एएसआई फिरोज खान, हेड कांस्टेबल मंगेश लोखंडे, संभाजी केंद्रे, संजय भारसाकले, नाजीमोद्दीन सैयद, जवान सचिन भोयर, रंजित गावंडे, नरेश मोहरील, सूरज चव्हाण, सागर ठाकरे, निखिल गेडाम, चालक चेतन शर्मा, प्रभात पोकले का दल आयुक्तालय क्षेत्र में अवैध व्यवसायियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए गश्त लगा रहा था, तब जानकारी मिली कि बडनेरा में मिलचाल के पीछे कुछ लोग 52 पत्तों से रुपए की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं. इस जानकारी के आधार पर क्राइम ब्रांच के दल ने मिलचाल परिसर में चल रहे जुआ अड्डे पर छापा मारा. घटनास्थल पर पांच लोग जुआ खेलते रंगेहाथ पकडे गये. पूछताछ में जुआ अड्डा बडनेरा निवासी मनोज और सुशील द्वारा चलाए जाने की जानकारी सामने आई. दोनों आरोपी कार्रवाई के दौरान फरार हो गए. उनकी तलाश जारी है. पुलिस ने जब्त नकदी और जुए का सामान तथा पांचों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए बडनेरा पुलिस के हवाले कर दिया है.





