1.82 लाख ग्राहकों को बाजार भाव पर मिलेगा सिलेंडर

ई-केवाईसी नहीं कराया तो सब्सिडी रुकेगी

* 16 अगस्त के बाद कार्रवाई की तैयारी
* अमरावती जिले में 10.88 लाख से अधिक एलपीजी ग्राहक
* 1.82 लाख की ई-केवाईसी लंबित
अमरावती/दि.12- एलपीजी सिलेंडर उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी को लेकर अहम सूचना सामने आई है. 16 अगस्त तक ई-केवाईसी पूरा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं की गैस सब्सिडी रोक दी जाएगी और उन्हें घरेलू दर के बजाय बाजार भाव पर सिलेंडर खरीदना पड़ सकता है. जिला आपूर्ति विभाग और गैस कंपनियों ने उपभोक्ताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर ई-केवाईसी पूरा करने की अपील की है.
अमरावती जिले में एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराने वाली तीन प्रमुख कंपनियों के कुल 10,88,332 ग्राहक हैं. इनमें से 1,82,219 ग्राहकों की ई-केवाईसी अभी लंबित है. ऐसे में इन उपभोक्ताओं को समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
* किस कंपनी के कितने ग्राहक?
गैस कंपनी               कुल ग्राहक                   ई-केवाईसी लंबित
एचपीसीएल             2,08,402                        47,793
बीपीसीएल              6,24,405                        54,663
आईओसीएल          2,55,525                         79,763
कुल                      10,88,332                        1,82,219

* क्यों जरूरी है ई-केवाईसी?
ई-केवाईसी के जरिए गैस कनेक्शन लेने वाले वास्तविक उपभोक्ता की पहचान आधार और बायोमेट्रिक विवरण के माध्यम से सत्यापित की जाती है. इसका उद्देश्य फर्जी या डुप्लीकेट कनेक्शन पर रोक लगाना और पात्र उपभोक्ताओं तक सब्सिडी पहुंचाना है. जो उपभोक्ता 16 अगस्त तक बायोमेट्रिक या ई-केवाईसी सत्यापन पूरा नहीं करेंगे, उनकी सब्सिडी अस्थायी रूप से रोकी जा सकती है. प्रक्रिया पूरी होने तक उन्हें सिलेंडर बाजार भाव पर लेना पड़ सकता है.

* गैस एजेंसी या डिलीवरी बॉय से भी करा सकते हैं ई-केवाईसी
उपभोक्ता अपने गैस वितरक के कार्यालय में जाकर बायोमेट्रिक मशीन के माध्यम से ई-केवाईसी करा सकते हैं. यह प्रक्रिया निर्धारित माध्यम से नि:शुल्क की जा सकती है. इसके अलावा घर पर सिलेंडर पहुंचाने वाले डिलीवरी कर्मचारी के पास उपलब्ध ऐप या मशीन के माध्यम से भी आधार आधारित सत्यापन की सुविधा उपलब्ध हो सकती है.

* घर बैठे कैसे करें ई-केवाईसी?
उपभोक्ता संबंधित गैस कंपनी के मोबाइल ऐप के माध्यम से भी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं. इसके लिए इंडियन ऑईल वन, हैलो बीपीसीएल या कझ एचपी पे जैसे संबंधित ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है. ऐप में लॉगिन करने के बाद एलपीजी विकल्प चुनकर ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करनी होती है. फेस ऑथेंटिकेशन के लिए आवश्यक आधार फेस आरडी एप्लिकेशन का उपयोग किया जा सकता है.

* समय सीमा में प्रक्रिया पूरी करने की अपील
जिला आपूर्ति अधिकारी प्रज्वल पाथरे ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर लें. उन्होंने कहा कि ई-केवाईसी पूरा होने के बाद ही पात्र उपभोक्ताओं को गैस सब्सिडी का लाभ मिल सकेगा. निर्धारित समय तक प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले उपभोक्ताओं को बाजार भाव पर सिलेंडर खरीदना पड़ सकता है.

Back to top button