प्रतिबंधित 1140 किलो प्लास्टिक जब्त
अमरावती मनपा की बड़ी कार्रवाई, इतवारा बाजार के दयाल ट्रेडर्स पर छापा

अमरावती/दि.7- स्वच्छ शहर-प्लास्टिकमुक्त शहर अभियान के तहत अमरावती महानगरपालिका ने गुरुवार को प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1140 किलो प्लास्टिक सामग्री जब्त की. साथ ही संबंधित व्यापारी पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया. यह कार्रवाई महानगरपालिका आयुक्त वर्षा लढ्ढा एवं अतिरिक्त आयुक्त शिल्पा नाईक के निर्देश पर तथा वैद्यकीय अधिकारी (स्वच्छता) डॉ. अजय जाधव और सहायक आयुक्त मनोज शहाले (झोन क्रमांक 5) के मार्गदर्शन में की गई.
मनपा प्रशासन को इतवारा बाजार पेट्रोल पंप परिसर स्थित अजय बजाज के दयाल ट्रेडर्स में बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री की बिक्री होने की जानकारी मिली थी. इसके बाद प्लास्टिक विभाग और अतिक्रमण विभाग की संयुक्त टीम ने दुकान पर छापा मारकर कार्रवाई की. जांच के दौरान संबंधित व्यापारी का एक अन्य गोदाम श्याम चौक स्थित एसबीआई बैंक के पीछे होने की जानकारी सामने आई. इसके बाद टीम ने वहां भी छापा मारकर बड़ी मात्रा में प्लास्टिक सामग्री जब्त की.
कार्रवाई में प्लास्टिक पन्नियां, प्लास्टिक ग्लास, पन्नी कोटिंग वाली पत्रावलियां सहित अन्य प्रतिबंधित सामग्री जब्त की गई. जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 1.75 लाख से 2 लाख रुपये बताई जा रही है. मनपा अधिकारियों के अनुसार दयाल ट्रेडर्स में दूसरी बार प्रतिबंधित प्लास्टिक का भंडारण पाए जाने पर व्यापारी से 10 हजार रुपये का जुर्माना धनादेश के माध्यम से वसूल किया गया. इस कार्रवाई में प्लास्टिक नोडल अधिकारी ए. के. गोहर, प्लास्टिक स्वास्थ्य निरीक्षक सचिन सैनी तथा अतिक्रमण विभाग के कर्मचारी उपस्थित थे. महानगरपालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वच्छ शहर – प्लास्टिकमुक्त शहर अभियान को सफल बनाने के लिए भविष्य में भी प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.





