24 घंटे दौरान विविध हादसों में 12 की मौत, 5 से अधिक घायल

तीन हादसों के मृतकों में एक ही परिवार के 10 लोग मारे गए

* अमरावती सहित विदर्भ में अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसे
अमरावती/दि.24 – विगत 24 घंटों के दौरान अमरावती जिले सहित विदर्भ में 5 अलग-अलग स्थानों पर घटित हुए हादसों में 12 लोगों की मौत हुई. जिसमें से तीन भीषण हादसों में एक ही परिवार से वास्ता रखनेवाले 10 लोगों की जाने गई. जिसके चलते जिले सहित पूरे विदर्भ क्षेत्र में इन सडक हादसों को लेकर अच्छे-खासे हडकंप व शोक वाला माहौल है. साथ ही साथ सडक एवं यातायात सुरक्षा के उपायों को लेकर सवालिया निशान भी उठाए जा रहे है. विगत 24 घंटे के दौरान अमरावती जिले के दर्यापुर व अंजनगांव तहसील क्षेत्र में घटित हुए एक-एक सडक हादसे में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई. वहीं भंडारा में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत होने के साथ ही तिरोडा में मां-बेटे तथा वाशिम में पति-पत्नी व बेटे की सडक हादसों में मौत हुई है. भंडारा में बारातियों के साथ घटित हादसे में जहां एक ही परिवार से वास्ता रखनेवाले 4 से 5 लोग बुरी तरह से घायल हुए. वहीं तिरोडा में घटित हादसे में अपनी पत्नी और बेटे को खो देनेवाला व्यक्ति गंभीर रुप से घायल हुआ.
* भंडारा में भीषण सड़क हादसा, 5 की मौत
– टायर फटने से वैन व ट्रेलर की हुई टक्कर
भंडारा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा गुरुवार रात सौंदड इलाके के पास हुआ. जानकारी के अनुसार, शादी समारोह से लौट रहे बारातियों की वैन का अचानक टायर फट गया, जिससे चालक का नियंत्रण वाहन पर से हट गया. अनियंत्रित वैन सामने जा रहे ट्रेलर से जा टकराई, जिससे यह भीषण दुर्घटना हुई. इस हादसे में चार महिलाओं समेत कुल पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
बताया जा रहा है कि, भंडारा जिले के अड्याल स्थित कोंडा परिसर में आयोजित विवाह समारोह के बाद सभी बाराती वैन में सवार होकर अपने घर की ओर लौट रहे थे, तभी सौंदड के पास वैन का टायर अचानक फूट गया और वैन अनियंत्रित होकर सामने आ रहे ट्रेलर से जा टकराई. इस दुर्घटना के चलते वैन में सवार 4 महिलाओं एवं एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई है. मृतकों की शिनाख्त दुर्गा देवराम नागरे, नयना देवराम नागरे, श्वेता पुरुषोत्तम नागरे (तीनों अड्याल निवासी) तथा प्रभाकर चाचेरकर व मुन्नी प्रभाकर चाचेरकर (वेलतूर निवासी) के तौर पर हुई है. वहीं इस हादसे में रक्षा खेलकर, स्नेहा गिरीधर नान्हें, सोहम जागेश्वर गेडेकर व उमेश बोडनालाल सोनवणे गंभीर रुप से घायल हुए है. जिन्हें भंडारा के जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है और खुशी का माहौल पलभर में मातम में बदल गया. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.
* टिप्पर ने दोपहिया को उडाया, मां-बेटे की मौत
– पति गंभीर रुप से घायल, सुकडी नाका परिसर की घटना
तिरोडा में तेज रफ्तार से दौड रहे टिप्पर ने दुपहिया को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण दुर्घटना में दुपहिया सवार मां-बेटे की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. जबकि पति गंभीर रुप से घायल होने की घटना गुरुवार 23 अप्रैल की शाम 4.45 बजे के दौरान सुकडी नाका परिसर में घटित हुई. मृतक मां-बेटे के नाम गोंदिया जिले के कासा ग्राम निवासी हेमलता चौधरी (35) और तन्मय चौधरी (9) है. जबकि जख्मी का नाम कमाउस धर्मदास चौधरी है.
जानकारी के मुताबिक कमाउस चौधरी यह पत्नी और बेटे के साथ गुरुवार को दोपहर में दुपहिया क्रमांक एमएच-35/एवी-4102 पर सवार होकर कासा ग्राम से नागपुर की तरफ जा रहा था. सुकडी नाका के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी दुपहिया को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि, दुपहिया सवार हेमलता चौधरी और तन्मय चौधरी की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. जबकि कमाउस चौधरी गंभीर रुप से घायल हो गये. उसे अस्पताल में भर्ती किया गया है. कमाउस चौधरी यह नागपुर में मजदूरी का काम करता है. कुछ काम के लिए वह अपने गांव कासा आया हुआ था. गुरुवार में दोपहर में वह परिवार के साथ नागपुर जा रहा था. इस घटना के कारण चौधरी परिवार पर दुखों का पहाड टूट पडा है.
* चारपहिया वाहन ने बाइक को उडाया, पति-पत्नी समेत बेटे की मौत
– वाशिम जिले के पार्डी टकमोर फाटा की घटना
वाशिम में तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने दुपहिया को जोरदार टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में पति-पत्नी सहित 12 वर्षीय बेटे की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. यह भीषण दुर्घटना गुरुवार की शाम 6 बजे के दौरान वाशिम-मंगरुलपीर मार्ग के पार्डी टकमोर फाटा के पास घटित हुई. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि, दुपहिया चकनाचूर हो गई. मृतकों के नाम संतोश लांभाडे (40), कलावती लांभाडे (35) और ईश्वर लांभाडे (12) है. मृतक वारा जहांगीर निवासी थे.
जानकारी के मुताबिक वाशिम तहसील के वारा जहांगीर निवासी संतोष लांभाडे यह पत्नी कलावती और बेटे ईश्वर लांभाडे के साथ दुपहिया वाहन पर सवार होकर पार्डी टकमोर ग्राम के अपने रिश्तेदार के यहां से गांव लौट रहे थे. तब वाशिम-मंगरुलपीर मार्ग पर यह भीषण हादसा हुआ. दुर्घटना के बाद आरोपी वाहन चालक वाहन लेकर फरार हो गया. दुर्घटना की आवाज सुनकर परिसर के नागरिक घटनास्थल पर दौड पडे. उन्होंने तत्काल घटना की जानकारी वाशिम ग्रामीण पुलिस को दी. इस भीषण हादसे में पति-पत्नी और बेटे की मृत्यु होने की जानकारी वारा जहांगीर गांव में पहुंचते ही पूरे गांव में शोक छा गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी वाहन चालक की तलाश शुरु की है.
* लखाड के निकट दुर्घटना में युवक की मौत
अचलपुर तहसील अंतर्गत पथ्रोट के निकट पायविहीर ग्राम निवासी राहुल रामदास काले नामक युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर में मृत्यु हो गई. जानकारी के मुताबिक बुधवार की रात अपना काम निपटाकर घर लौटते समय अंजनगांव सुर्जी तहसील के लखाड ग्राम के पास उसकी दुपहिया क्रमांक एमएच-27/ईए-1262 को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में राहुल की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. दुर्घटना के बाद आरोपी वाहन चालक गाडी लेकर फरार हो गया. गुरुवार को मृतक का अंजनगांव ग्रामीण अस्पताल में पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा गया. मृतक के पीछे पत्नी, दो बेटे, दो बेटियों का भरापूरा परिवार है.


* दर्यापुर में युवक को टिप्पर ने मारी टक्कर
दर्यापुर के पिंपलोद गांव में रहनेवाला गणेश रामराव अघडते (31) नामक युवक दर्यापुर-येवदा मार्ग से आ रहा था, तब सांगलुद गांव के पास उसका वाहन गरम हो जाने से वह नीचे उतरकर इंजन में पानी डाल रहा था. तब पीछे से आ रहे टिप्पर के चालक ने लापरवाही से गाडी चलाते हुए गणेश को टक्कर मार दी. इस हादसे में गंभीर रुप से घायल गणेश अघडते को अस्पताल लाया गया. लेकिन बीच रास्ते में ही उसने दम तोड दिया. उसके पीछे माता-पिता, पत्नी, एक बेटा, एक बेटी का परिवार है. इस घटना के चलते पूरे परिसर में शोक की लहर है.

Back to top button