भीषण हादसे में एक ही परिवार के 12 घायल, 6 की हालत गंभीर

शादी से लौटते समय भीषण हादसा, जंगली सूअरों के झुंड से पिकअप पलटी

चंद्रपुर/दि.14 – जिले के कोरपना तालुका में शादी समारोह से लौट रहे लोगों की पिकअप वाहन का भीषण हादसा हो गया. रास्ते में अचानक जंगली सूअरों का झुंड सामने आने से चालक का नियंत्रण वाहन पर से हट गया और पिकअप पलट गई. इस हादसे में 12 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है. यह दुर्घटना चनई बूज-खैरगांव मार्ग पर सोमवार (13 अप्रैल) रात करीब साढ़े 9 बजे हुई.
जानकारी के अनुसार, हाथलोणी गांव के कुछ लोग चोपण में एक विवाह समारोह में शामिल होकर एमएच-34 सीक्यू 1008 नंबर की पिकअप से वापस लौट रहे थे. जैसे ही वाहन चनई बूज-खैरगांव मार्ग पर पहुंचा, अचानक सड़क पर जंगली सूअरों का बड़ा झुंड आ गया. उन्हें बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, लेकिन तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. हादसा इतना गंभीर था कि वाहन में सवार यात्री दूर-दूर जा गिरे. घटना में घायल हुए 12 लोगों में से 6 की हालत गंभीर है. गंभीर घायलों में विकास किनाके (23), विक्रम मेश्राम (20), शिवम कोवे (20), अनुज उदे, रामू कोरांगे (22) और साक्षी किनाके (19) शामिल हैं, जिन्हें इलाज के लिए चंद्रपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं अन्य घायलों का इलाज कोरपना ग्रामीण अस्पताल में जारी है. इनमें रणवीर आत्राम (23), जोशना कुमरे (24), प्रांजली किनाके (19), सौरभ मडावी (19), गणेश कोवे (17) और त्रिशा गेडाम शामिल हैं.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया. देर रात तक अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ लगी रही. इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है. नागरिकों ने वन्यजीवों के कारण होने वाली ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन से ठोस उपाय करने की मांग की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

Back to top button