अशोक खरात का हो सकता है एनकाउंटर!
कांग्रेस सांसद प्रणिती शिंदे का बड़ा बयान, राजनीतिक हलचल तेज

सोलापुर/दि.14 – नाशिक के कथित भोंदू बाबा अशोक खरात से जुड़े महिला अत्याचार और आर्थिक अनियमितताओं के मामले में अब राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. इसी बीच कांग्रेस सांसद प्रणिती शिंदे ने एक चौंकाने वाला दावा करते हुए कहा है कि भविष्य में अशोक खरात का एनकाउंटर हो सकता है. सोलापुर में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जयंती कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में शिंदे ने कहा कि खरात प्रकरण में कई बड़े नाम सामने आए हैं, जिससे यह मामला गंभीर होता जा रहा है. उन्होंने आशंका जताई कि ऐसे मामलों में कभी-कभी सच सामने आने से पहले ही आरोपियों का एनकाउंटर हो जाता है. प्रणिती शिंदे के इस बयान से राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है और विभिन्न दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है.
सांसद प्रणिती शिंदे ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर का संविधान खतरे में है और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर संकट मंडरा रहा है. उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा करना ही बाबासाहेब की सच्ची जयंती मनाना है. उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर भी सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि यह निर्णय काफी देर से लिया गया है, जबकि इसकी जरूरत पहले से महसूस की जा रही थी.
उधर, मामले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा भी कार्रवाई तेज कर दी गई है. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अशोक खरात से जुड़ी संपत्तियों की जांच शुरू कर दी है और उसकी एक लग्जरी कार जब्त की है. साथ ही विशेष जांच दल (डखढ) भी इस पूरे मामले की गहन जांच में जुटा हुआ है. फिलहाल, इस पूरे प्रकरण को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर गतिविधियां तेज हो गई हैं, वहीं आगे की जांच और कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.





