प्रवीण मालू की मौत का फायदा उठाकर 58 लाख रुपए की जालसाजी
चव्हाण परिवार ने ईसार की गई जमीन की कर डाली परभारे बिक्री

* पांच लोग हुए नामजद, कोतवाली पुलिस कर रही मामले की जांच
* आरोपियों में रवींद्र चव्हाण सहित तीन महिलाओं एवं एक नाबालिग का समावेश
अमरावती/दि.14 – शहर के ख्यातनाम भूविकासक व बिल्डर प्रवीण मालू की असमय हुई मौत के बाद उनके साथ जमीन के सौदे हेतु किए गए ईसार की अनदेखी करते हुए एक परिवार ने उक्त जमीन की परभारे ही किसी अन्य को बिक्री कर डाली तथा ईसार के तौर पर लिए गए 58 लाख रुपए हडप करते हुए मालू परिवार के साथ जालसाजी की. जिसे लेकर मिली शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने बीएनएस की धारा 318 (4) व 3 (5) के तहत अपराधिक मामला दर्ज करते हुए एक ही परिवार के पांच लोगों को नामजद किया है. नामजद आरोपियों में तीन महिलाओं एवं एक नाबालिग बच्ची का भी समावेश है.
मालू परिवार की एक महिला द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक प्रॉपर्टी खरीदने व बेचने का काम करनेवाले प्रवीण मालू की 7 सितंबर 2021 को मौत हुई थी. अपनी मृत्यु से पहले प्रवीण मालू ने रेवसा ग्राम पंचायत अंतर्गत मौजे रेवसा, प्रगणे नांदगांव पेठ के खेत गट क्रमांक 172, सर्वे नंबर 67/4, भोगवटा वर्ग-1 में कुल 1 हेक्टेअर 19 आर यानि 2 एकड 29 गुंठे कृषि भूमि का सौदा 2 करोड 30 लाख 56 हजार 250 रुपए में चव्हाण परिवार के साथ किया था. जिसके लिए रवींद्र बबनराव चव्हाण (46), योगिता अरुण चव्हाण (41), सारिका विजय चव्हाण (47), सीमा संजय चव्हाण (54) एवं चव्हाण परिवार की एक 14 से 15 वर्षीय बच्ची के साथ 58 लाख रुपए का ईसार किया गया था. किंतु आगे चलकर प्रवीण मालू का असमय ही निधन हो गया. इस बात का फायदा उठाते हुए जमीन मालिक रवींद्र बबनराव चव्हाण (46) एवं उनके परिवार की महिलाओं ने प्रवीण मालू द्वारा दी गई ईसार की रकम को हडप करते हुए उक्त जमीन का सौदा गोपाल नारायणदास पनपालिया नामक किसी अन्य व्यक्ति के साथ कर डाला और उक्त जमीन की गोपाल पनपालिया को बिक्री कर डाली. जिसके जरिए मालू परिवार के साथ 58 लाख रुपए की गई. ऐसे में अपने साथ हुई जालसाजी की शिकायत मालू परिवार की एक महिला द्वारा सिटी कोतवाली पुलिस थाने में दर्ज कराई गई. जिसके आधार पर कोतवाली पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है.





