उष्माघात के 15 मरीज इर्विन में
सभी का तत्परता से उपचार

* सीएस डॉ. विनोद पवार ने दी जानकारी
अमरावती/दि.20 – अमरावती में आसमान से बरस रही रिकॉर्डतोड धूप के कारण अभी तक उष्माघात के 15 मरीज जिला सामान्य अस्पताल में दाखिल किए गए. सभी का समय पर तत्परता से उपचार किए जाने की जानकारी जिला शल्य चिकित्सक डॉ. विनोद पवार ने ‘अमरावती मंडल’ से चर्चा दौरान दी. उन्होंने बताया कि, अचलपुर और चिखलदरा क्षेत्र के यह मरीज अधिकांशत: रहे.
डॉ. पवार ने बताया कि, टेंपरेचर 45 डिग्री पार कर गया है. ऐसे में तेज धूप में बाइक पर लंबा सफर करनेवाले और अन्य क्षेत्र के कामगार उष्माघात के शिकार होने की आशंका रहती है. अमरावती में भी ऐसे ही एक दर्जन से अधिक रुग्ण जिला अस्पताल में दाखिल किए गए. अस्पताल ने पहले ही हीट स्ट्रोक के रुग्णों हेतु खास इंतजाम कर रखे थे. वहां रुग्ण के लाए जाते ही चिकित्सकों ने तत्परता से उन्हें ग्लुकोज चढाया. अन्य दवाएं दी. जिससे डे-केयर में ही रुग्ण ठीक हो गए. अधिकांश को डिस्चार्ज दे देने की जानकारी देते हुए डॉ. विनोद पवार ने लोगों से भीषण धूप में लू से बचने के उपाय अपनाने की अपील की है. भरपूर प्रमाण में शीतल जल पीने और बहुत जरुरी काम न होने पर धूप में न निकलने की अपील करते हुए डॉ. पवार ने धूप में निकलना जरुरी होने पर सुती कपडे पहनने और दुपट्टा, टोपी का उपयोग करने कहा है.





