शेगांव के पास धधकी लक्झरी बस

बाल-बाल बचे यात्री

* दो वर्ष पहले का भीषण हादसा आया याद
अकोला/दि.20 – बालापुर-शेगांव रोड पर आज दोपहर अपघात के बाद एक लक्झरी बस धधक उठी. जिससे खलबली मची. उसमें सवार सभी यात्री और चालक व परिचालक बस से कूद पडे. जिससे उनकी जान बाल-बाल बच जाने का दावा प्रत्यक्षदर्शियों ने किया.
प्राथमिक जानकारी के अनुसार बस और दुपहिया की दुर्घटना में सवार गंभीर घायल हुआ है. किंतु बस के सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित बचे है. घायल दुपहिया सवार को अस्पताल में भर्ती किया गया. यह भी बताया गया कि, स्वस्तिक ट्रैवल कंपनी की यह लक्झरी बस इंदौर से अकोला की ओर आ रही थी. बस टायर फूट गया और दुपहिया बस के नीचे फंस गई थी. कुछ ही देर में बस से धुआं निकलने लगा, यह देख वहां से गुजरते लोगों ने चालक और यात्रियों को चिल्लाकर सूचित किया. देखते ही देखते सभी ने बस से बाहर छलांग लगा दी. बालापुर पालिका से दमकल मौके पर भेजी गई. जिसने आग पर काबू पाया, किंतु तब तक बस काफी जल चुकी थी.
बस की धधकी अवस्था देखकर लोगों को दो वर्ष पहले का बुलढाणा जिले का हादसा याद आया, जिसमें पुणे से नागपुर आ रही लक्झरी बस की भीषण आग में 25 लोग खाक हो गए थे.

Back to top button