15 वर्षीय लडके ने 50 वर्षीय व्यक्ती की चाकू मारकर की हत्या

छत्रपति संभाजीनगर में घटित हुआ सनसनीखेज हत्याकांड

* वारदात का वीडियो सामने आने से मचा हड़कंप
छत्रपति संभाजीनगर./दि.10- छत्रपति संभाजीनगर के मुकुंदवाड़ी क्षेत्र में एक 15 वर्षीय किशोर द्वारा 50 वर्षीय व्यक्ति की चाकू मारकर निर्मम हत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है. मामूली विवाद से शुरू हुआ यह मामला खूनी अंजाम तक पहुंच गया. घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है. पुलिस ने आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर बाल सुधार गृह भेज दिया है. मृतक की पहचान रोहिदास दत्तू खकाल (50) के रूप में हुई है. बताया जाता है कि रोहिदास रात के समय अपने घर के सामने बने ओटले पर बैठकर आसपास के युवकों को नशे और गलत संगति से दूर रहने की सलाह देते थे. इसी बात को लेकर क्षेत्र के कुछ युवकों में नाराजगी थी.
स्थानीय लोगों के अनुसार, मुकुंदवाड़ी क्षेत्र में कुछ युवकों की नशाखोरी और आवारागर्दी की शिकायतें बढ़ रही थीं. रोहिदास खकाल अक्सर ऐसे युवकों को समझाने का प्रयास करते थे. इसी दौरान उनका 15 वर्षीय आरोपी किशोर से कई बार विवाद हुआ था. बताया जाता है कि आरोपी को इस बात से भी आपत्ति थी कि रोहिदास घर के बाहर बैठकर सिगरेट पीते थे. दोनों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी हो चुकी थी. बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे रोहिदास और उनकी पत्नी भोजन कर घर में मौजूद थे. तभी किसी ने दरवाजा खटखटाया. दरवाजा खोलते ही बाहर आरोपी किशोर खड़ा मिला. उसने रोहिदास को कथित तौर पर धमकी देते हुए वहां बैठकर सिगरेट न पीने की बात कही. दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई. आरोप है कि गुस्से में किशोर ने अपने पास रखा चाकू निकाल लिया और रोहिदास पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. पहले उनकी पीठ पर कई वार किए गए. गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिरने के बाद भी आरोपी नहीं रुका और उसने उनके पेट में भी कई बार चाकू घोंप दिया.
* वारदात का वीडियो आया सामने
घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया है. वीडियो में आरोपी वारदात के बाद बिना किसी डर के घटनास्थल से निकलता दिखाई दे रहा है. इस घटना ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और किशोर अपराध को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
* पहले भी दर्ज है गंभीर अपराध
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी किशोर का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है. उस पर पहले भी हत्या के प्रयास (हाफ मर्डर) का मामला दर्ज हो चुका है. उस मामले में उसे बाल सुधार गृह भेजा गया था और उसका समुपदेशन भी कराया गया था. इसके बावजूद वह दोबारा गंभीर अपराध में शामिल पाया गया.
* परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
रोहिदास खकाल पिछले कई वर्षों से अस्वस्थ चल रहे थे. उनकी पत्नी रानी खकाल घर-घर जाकर काम कर परिवार का पालन-पोषण करती थीं. परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर थी. ऐसे में रोहिदास की हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
* पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही मुकुंदवाड़ी पुलिस थाने के निरीक्षक विवेक सोनवणे और उनकी टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर बाल न्याय प्रणाली के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है. मामले की विस्तृत जांच जारी है. इस घटना ने एक बार फिर किशोरों में बढ़ती आपराधिक प्रवृत्ति, नशे की समस्या और सामाजिक नियंत्रण की आवश्यकता पर गंभीर बहस छेड़ दी है.

Back to top button