देशी कट्टे और जिंदा कारतूस के साथ युवक धरा गया

पथ्रोट पुलिस की कासमपुर में कार्रवाई

अमरावती/दि.10 – अवैध हथियार रखने वालों और सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पथ्रोट पुलिस ने एक युवक को देसी पिस्तौल और 3 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है. गिरफ्तार आरोपी का नाम अनिकेत रवींद्र महाजन (24) है.
पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के निर्देशानुसार पथरोट पुलिस अवैध हथियार रखने वालों तथा सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और वीडियो साझा कर दहशत फैलाने वाले लोगों पर विशेष निगरानी रख रही है. इसी अभियान के दौरान 9 जुलाई को पथ्रोट पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कासमपुर निवासी अनिकेत रविंद्र महाजन (24) ने अपने घर में अवैध हथियार छिपाकर रखा है. सूचना के आधार पर पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में उसके घर पर छापा मारा. तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देसी पिस्तौल, दो मैगजीन और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए. जब्त हथियार और कारतूस की कुल कीमत लगभग 23 हजार रुपये बताई गई है. आरोपी को गिरफ्तार कर पथ्रोट पुलिस थाने लाया गया.
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह पिस्तौल अमरावती शहर के अर्जुन नगर निवासी विपुल भानुदास ठाकरे से प्राप्त की थी. इसके आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 तथा संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है. मुख्य आरोपी अनिकेत महाजन पुलिस हिरासत में है, जबकि दूसरे आरोपी विपुल ठाकरे की तलाश जारी है. पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति अवैध हथियार लेकर घूमता दिखाई दे या सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो अथवा वीडियो पोस्ट कर लोगों में दहशत फैलाता हो, तो इसकी सूचना तत्काल पथ्रोट पुलिस को दें. सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़, उपविभागीय पुलिस अधिकारी सतीश कुलकर्णी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अभय चौथनकर, पीएसआई ज्ञानेश्वर सिदाम, एएसआई प्यारेलाल जवंजाल, चालक विजय आसोलकर, उमेश उघडे, योगेश बोदुले, महिला सिपाही अपर्णा लोहाट, रुपेश सिंगणे, विवेक ठाकरे के दल ने की.

Back to top button