अमरावती में 20.62 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

एकेडमिक ग्राउंड के पास पुलिस ने बिछाया जाल

बाइक, मोबाइल और नकदी सहित 4.20 लाख रुपये का माल जब्त
अमरावती/दि.16 – शहर में नशीले पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई के तहत गाडगे नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से कुल 20.62 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) जैसा संदिग्ध नशीला पदार्थ जब्त किया है. पुलिस ने इस कार्रवाई में एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, दो स्मार्ट मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल 4 लाख 20 हजार रुपये का माल जब्त किया है. इस मामले में एक अन्य आरोपी के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है.
जानकारी के मुताबिक 15 अक्टूबर को डीबी स्क्वाड प्रमुख पुलिस हवलदार दिनेश नांदे अपनी टीम के साथ थाना क्षेत्र में गश्त कर रहे थे. इसी दौरान उन्हें गोपनीय सूचना मिली कि अंसार नगर क्षेत्र के दो युवक काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर एमडी ड्रग्स बेचने के उद्देश्य से एकेडमिक ग्राउंड के आसपास घूम रहे हैं. इस जानकारी के आधार पर नागपुरी गेट के थानेदार मनोहर कोटनाके के मार्गदर्शन में कार्रवाई की योजना बनाई गई. वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित करने के बाद सरकारी मजिस्ट्रेट, सरकारी फोटोग्राफर और अमरावती की फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया. इसके बाद पुलिस ने प्राप्त सूचना के आधार पर एकेडमिक ग्राउंड परिसर में जाल बिछाया तब एक काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर दो युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए. पुलिस टीम ने दोनों को हिरासत में लिया गया. उनके नाम अंसार नगर निवासी उनकी पहचान फैजान खान अनीस खान (25) और शाहबाज खान इस्माइल खान (25) है. तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों के पास से कुल 20.62 ग्राम संदिग्ध एमडी ड्रग्स बरामद किया. जब्त नशीले पदार्थ की कीमत 3 लाख 93 हजार रुपये बताई गई है. इसके अलावा अपराध में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, दो स्मार्ट मोबाइल फोन और 700 रुपये नकद समेत कुल कीमत 4 लाख 20 हजार रुपये का माल जब्त किया गया.
* फोरेंसिक टीम ने की जांच
घटनास्थल पर बुलाई गई फोरेंसिक टीम ने बरामद पदार्थ का निरीक्षण किया. प्रारंभिक जांच में पदार्थ प्रथम दृष्टया एमडी ड्रग्स जैसा होने की जानकारी दी गई. पदार्थ की अंतिम पुष्टि संबंधित रासायनिक जांच रिपोर्ट से होगी. पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे धर्मकांटा क्षेत्र के अब्दुल काशिफ अब्दुल कलीम के कहने पर एमडी बेच रहे थे. इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने अब्दुल काशिफ अब्दुल कलीम को भी मामले में आरोपी बनाया है. वह फिलहाल फरार बताया जा रहा है.
* एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
डीबी प्रभारी पुलिस उपनिरीक्षक विकास मनपिया की लिखित शिकायत के आधार पर फैजान खान अनीस खान, शाहबाज खान इस्माइल खान और फरार आरोपी अब्दुल काशिफ अब्दुल कलीम के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8(ए), 21(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है. यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मनोहर कोटनाके, डीबी प्रभारी पुलिस उपनिरीक्षक विकास मनपिया तथा डीबी टीम के पुलिसकर्मियों ने की.

Back to top button