मोबाइल देने से इंकार करने पर 22 वर्षीय बेटे ने कुएं में कूदकर दी जान
गुस्से में घर से निकला था युवक

* दो दिन बाद कुएं में तैरता मिला शव
वरुड/दि.15; पिता द्वारा मोबाइल फोन देने से इनकार करने पर गुस्साए 22 वर्षीय युवक ने खेत में बने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली. यह घटना वरुड तहसील के मलकापुर में सामने आई. मृतक का नाम गोलू सुकन युवानाते (22) है.
जानकारी के मुताबिक सुकन युवानाते मलकापुर शिवार स्थित खेत में झोपड़ी बनाकर परिवार के साथ रहते हैं और खेतिहर मजदूर हैं. उनका बेटा गोलू गुस्सैल स्वभाव का था. किसी बात पर नाराज होने के बाद वह अक्सर घर से बाहर चला जाता था, लेकिन गुस्सा शांत होने पर वापस लौट आता था.
* बहन ने बांधी थी राखी
पोला पर्व के अवसर पर गोलू की विवाहित बहन रंजना घर आई हुई थी. घर से निकलने से पहले उसने अपने भाई गोलू की कलाई पर राखी बांधी और उसे मिठाई खिलाई. दो दिन पहले जिस भाई की कलाई पर उसने राखी बांधी थी, उसी भाई का शव कुएं में तैरता देख बहन सदमे में आ गई.
* मोबाइल को लेकर हुआ विवाद
बताया गया कि 10 सितंबर की रात भोजन के बाद गोलू नशे में था. उसने अपने पिता से मोबाइल फोन मांगा. पिता ने मोबाइल देने से साफ इंकार कर दिया. इस बात पर गोलू गुस्सा हो गया और रात में घर से निकल गया. अगली सुबह गोलू घर पर नहीं मिला तो पिता ने उसकी तलाश शुरू की. रिश्तेदारों और परिचितों से भी पूछताछ की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला.
* दो दिन बाद कुएं में मिला शव
दो दिन बाद गोलू के पिता खेत में बने कुएं पर पानी लेने गए. वहां उन्हें पानी में एक शव तैरता दिखाई दिया. शव बाहर निकालने के बाद उसकी पहचान गोलू के रूप में हुई. आशंका जताई जा रही है कि मोबाइल को लेकर हुए विवाद के बाद गुस्से और नशे की हालत में उसने कुएं में छलांग लगाकर जान दे दी. घटना की सूचना शेंदुरजनाघाट पुलिस को दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया और मामले में आकस्मिक मृत्यु का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.





